यूपी के इन जिलों में भारी बारिश और आंधी का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर समेत 46 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।


August 5, 2026 by

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बीते दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मॉनसूनी ट्रफ लाइन के सक्रिय होने के साथ-साथ बिहार, हरियाणा और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में नमी तेजी से बढ़ी है। इसका असर यह है कि राजधानी लखनऊ, कानपुर समेत 46 जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आज पूरे प्रदेश में बारिश का अनुमान

5 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी।

ये भी पढ़ें: बदायूं में ट्रेन हादसे से बाल-बाल बचे यात्री, इंजन में आग लगते ही रुकी ट्रेन

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 125 मिलीमीटर वर्षा कन्नौज के छिबरामऊ में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बहराइच के नानपारा में 104 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 81.6 मिमी, कानपुर नगर में 75 मिमी, बाराबंकी के हैदरगढ़ में 70 मिमी, जौनपुर में 68.6 मिमी और लखनऊ में 66.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इटावा के चकरनगर में 100 मिमी, फिरोजाबाद के शिकोहाबाद और मैनपुरी के करहल में 60-60 मिमी तथा आगरा में 55.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें भी सामने आई हैं।

अब भी सामान्य से कम है मानसूनी बारिश

हालांकि पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन पूरे मानसून सीजन की बात करें तो उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से चार अगस्त तक प्रदेश में कुल 281.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 387.7 मिलीमीटर मानी जाती है। यानी अब तक प्रदेश में करीब 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन और महोबा सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: बच्चों को ‘कॉकरोच’ नहीं, विवेकानंद बनाइए… मुरादाबाद से आचार्य प्रमोद कृष्णम की अभिभावकों से भावुक अपील

6 अगस्त को इन जिलों में रहेगा विशेष अलर्ट

6 अगस्त को आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में यलो अलर्ट लागू रहेगा। इन जिलों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदियों और नालों के किनारे जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रुकने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए।

Share: