Sitapur Road Accident: ममुंडन कराकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में ट्रक ने मारी टक्कर, 5 की मौत

Sitapur Road Accident: सीतापुर के पिसावां में मुंडन संस्कार से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।


November 6, 2026 • by

Sitapur Road Accident News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक भीषण सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिसावां थाना क्षेत्र में पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

खुशियों के बीच मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जिले के बरगांवा गांव निवासी हरिनाम के बेटे अभी का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर कराया गया था। इस धार्मिक कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। मुंडन संस्कार संपन्न होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव बरगांवा वापस लौट रहे थे।

पीछे से आए ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

बताया जा रहा है कि परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब पिसावां थाना क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास हिम्मतनगर गांव के नजदीक पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जिसके चलते कई लोग उसके नीचे दब गए।

ट्रॉली के नीचे दबने से पांच लोगों की मौत

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए पिसावां और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महोली भेजा गया। महोली सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में बरगांवा निवासी 10 वर्षीय काजल, 50 वर्षीय सुशीला, 22 वर्षीय रूबी, 40 वर्षीय सुनीता और एक अन्य महिला शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: चालक को आई नींद की झपकी और पलट गई मजदूरों से भरी पिकअप, 12 लोग घायल

17 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

इस भीषण सड़क हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मुंडन संस्कार के बाद हंसी-खुशी घर लौट रहा परिवार अब अपनों को खोने के गम में डूब गया है। एक ही परिवार और रिश्तेदारों के बीच हुए इस हादसे से बरगांवा गांव में भी शोक का माहौल है।

Share: