Sitapur News in Hindi: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेलामऊ खुर्द गांव में मंगलवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, मृतक विक्रम (55) पुत्र केसरी मंगलवार रात करीब 10:30 बजे प्लेटिना बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे उनके समधी बदलू पुत्र बिंद्रा और उसके साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद बदलू ने अवैध तमंचे से विक्रम पर गोली चला दी। गोली लगते ही विक्रम सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि की जा सके।
ये भी पढ़ें: पहले प्रेमिका ने पकड़े हाथ, फिर पति ने घोंट दिया गला, लखनऊ मर्डर केस का दिल दहला देने वाला खुलासा
फॉरेंसिक जांच में जुटाए गए अहम साक्ष्य

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा भी बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मिले अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या नहीं।
ये भी पढ़ें: मेरठ में कांवड़िए आपस में भिड़े: बाइक टकराने पर हुई झड़प, पुलिस जीप से खींचकर युवक पर बरसाए डंडे
बेटी की लव मैरिज बनी खूनी विवाद की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब छह महीने पहले आरोपी बदलू की बेटी घर से चली गई थी और उसने मृतक विक्रम के बेटे के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के कारण आरोपी लंबे समय से बदले की भावना रखे हुए था और उसने मौका मिलते ही अपने समधी की हत्या कर दी।
मुख्य आरोपी और उसका भाई पुलिस हिरासत में

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी बदलू और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम के हर पहलू को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा रामपुर: एनकाउंटर के बाद लंगड़ाते अस्पताल पहुंचे 2 गौकश, 3 गिरफ्तार
गांव में तनाव, पुलिस की पैनी नजर
घटना के बाद बेलामऊ खुर्द गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।
