Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दीपावली से पहले पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खोराबार गांव में पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त छापेमारी के दौरान एक मकान से 67 कुंतल अवैध पटाखे बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का जखीरा मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। टीम ने मौके से पटाखा कारोबारी विजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन
दरअसल, दीपावली को देखते हुए गोरखपुर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार रात खोराबार थाने के एसआई कुसुमेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ रानीडीहा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एंटी थेफ्ट टीम के सदस्यों से उनकी मुलाकात हुई। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर चर्चा चल रही थी। तभी पुलिस को मुखबिर के माध्यम से खोराबार गांव के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली।
मुखबिर की सूचना पर मकान में छापेमारी
मुखबिर ने पुलिस को बताया कि खोराबार गांव स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में विस्फोटक पटाखे छिपाकर रखे गए हैं और वहां से उनकी बिक्री भी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए खोराबार पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद टीम मुखबिर की निशानदेही पर बताए गए मकान पर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग कीमतों के बड़ी संख्या में पटाखे मिले।
ये भी पढ़ें: यूपी में दूषित खून की तस्करी का बड़ा खुलासा, 100 यूनिट ब्लड के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
मकान से बरामद हुआ 67 कुंतल पटाखों का जखीरा

पुलिस की तलाशी में मकान के अंदर से कुल 67 कुंतल पटाखे बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किए जाने को लेकर पुलिस ने मौके पर मौजूद कारोबारी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान खोराबार गांव निवासी विजय कुमार जायसवाल पुत्र स्वर्गीय जगदीश नारायण जायसवाल के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद पटाखों को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा
पुलिस ने पटाखा कारोबारी विजय कुमार जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 व 9बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को थाने से मुचलके पर छोड़ दिया। खोराबार थाने के एसएसआई नीरज कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को मुचलके पर छोड़ा गया है।
गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराए जाएंगे बरामद पटाखे
पुलिस के मुताबिक, मकान से बरामद किए गए 67 कुंतल पटाखों को नष्ट कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। एसएसआई नीरज कुमार सिंह ने बताया कि एसडीएम का आदेश मिलने के बाद गड्ढा खुदवाकर बरामद पटाखों को भूमिगत तरीके से नष्ट कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रशासनिक आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 14 लाख का गांजा बरामद, RPF-CIB और GRP ने तस्कर को दबोचा
छापेमारी करने वाली टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई को खोराबार पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम के सदस्यों ने मिलकर अंजाम दिया। टीम में एसआई कुसुमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजेश पाठक और सतीश कुमार शामिल रहे। वहीं, एंटी थेफ्ट टीम की ओर से निरीक्षक सुनील कुमार राय, आरक्षी रमेश कुशवाहा, भूपेंद्र कुमार यादव, अंकित कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र नाथ तिवारी, मिथलेश बहादुर सिंह और कमलेश कुमार ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










