Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), अपराध आसूचना शाखा (CIB) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 14.20 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी बिहार का रहने वाला है।
मुखबिर की सूचना पर स्टेशन पर शुरू हुई निगरानी
तीन नवंबर 2026 को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त टीम ने विशेष निगरानी अभियान चलाया। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल लखनऊ और सहायक सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर के निर्देशन में की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की टीम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो के पूर्वी छोर पर पहुंची। यहां संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। टीम आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी, इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।
दो पिट्ठू बैगों की तलाशी में मिला गांजा
संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब संयुक्त टीम ने उसके सामान की तलाशी ली तो दो पिट्ठू बैगों में रखे तीन पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 14.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 20 हजार रुपये है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: लिफ्ट के बहाने लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाशों को लगी गोली
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम शंकर साहनी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भागीरथपुर जूटमिल का निवासी है। आरोपी के पास मौजूद दोनों बैगों से तीन पैकेटों में गांजा मिला था। टीम ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद गिरफ्तार अभियुक्त, बरामद मादक पदार्थ और संबंधित अभिलेख आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गोरखपुर को सौंप दिए गए।
RPF, CIB और GRP की टीम ने मिलकर की कार्रवाई
इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, उप निरीक्षक अमित कुमार उपाध्याय, उप निरीक्षक सत्यम दुबे और सहायक उप निरीक्षक बृजराज यादव समेत आरपीएफ स्टाफ शामिल रहा। इसके अलावा सीआईबी गोरखपुर क्षेत्र के उप निरीक्षक बृजेश कुमार आर्य, सीआईबी फील्ड मुख्यालय के सहायक उप निरीक्षक घनश्याम यादव और जीआरपी गोरखपुर के उप निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, डंडों से पीटकर मार डाला; शरीर पर मिलीं 50 चोटें
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार चल रहा अभियान
रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ तस्करी और दूसरे अपराधों को रोका जा सके। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










