Varanasi Crime News: दिलीप कुमार राजभर की मौत के बाद वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव में हंगामा हो गया। अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय दिलीप कुमार राजभर ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद मां ने बहू और पोते पर बेटे के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। नाराज मां ने गांव के कुछ लोगों के साथ डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल में मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
चौबेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव निवासी दिलीप कुमार राजभर (55) पुत्र केदार राजभर की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहाड़िया स्थित शांति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका उपचार चल रहा था। रविवार सुबह अस्पताल में उनकी मौत हो गई। दिलीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान मृतक की मां ने बेटे की मौत को लेकर सवाल उठाए और अपनी बहू तथा पोते पर गंभीर आरोप लगाए।
मां ने बहू और पोते पर लगाया मारपीट का आरोप
मृतक की मां का आरोप है कि दिलीप कुमार के साथ उनकी पत्नी और बेटे ने मारपीट की थी। मां ने इसी मारपीट को बेटे की मौत की वजह बताते हुए बहू और पोते पर हत्या का आरोप लगाया।
डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर किया चक्काजाम
बेटे की मौत से नाराज मां ने गांव के कुछ लोगों के साथ डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। अचानक हुए चक्काजाम के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। इस दौरान परिजनों ने मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। सड़क जाम की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: चावल मिल में नकली नोटों की फैक्ट्री, STF की रेड में 100, 200 और 500 के जाली नोट बरामद
पुलिस के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की मां और अन्य परिजनों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के मुताबिक, दिलीप कुमार राजभर शराब पीने के आदी थे। उनकी मौत के बाद मां ने बहू और बेटे पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: यूपी में फिर नशीले कफ सिरप का खेल शुरू, 2 हजार शीशियों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि दिलीप कुमार राजभर की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मां की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










