Kushinagar Bus Accident: घर लौटने की खुशी मातम में बदली, कुशीनगर में बस हादसे में 3 की मौत

Kushinagar Bus Accident: दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस कुशीनगर में भीषण हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हैं। दो गंभीर घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


November 8, 2026 • by

Kushinagar Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट लग्जरी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। दिवाली और छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर लौट रहे यात्रियों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

लबनिया चौराहे के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में लबनिया चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुआ। हादसे का शिकार हुई बस शिवा बस कंपनी की बताई जा रही है। यह प्राइवेट लग्जरी बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें ज्यादातर लोग दिवाली और छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

दो पुरुषों और सात वर्षीय बच्ची की मौत

इस हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई। मृतकों में दो पुरुष और एक सात वर्षीय बच्ची शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची की पहचान आखिरी कुशवाहा के रूप में बताई गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

दो गंभीर घायलों को गोरखपुर किया गया रेफर

हादसे में घायल यात्रियों को उपचार के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां इमरजेंसी एवं ट्रामा मेडिकल कॉलेज के प्रभारी पुष्कर पाठक ने बताया कि उनके यहां चार लोगों को लाया गया था। इनमें एक अज्ञात व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है। सात वर्षीय बच्ची का भी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घायल हो गए और उन्हें बाहर निकालने के लिए मदद की जरूरत पड़ी। घटनास्थल की स्थिति देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले उजड़ गया परिवार, पत्नी के लिए साड़ी लेने निकले वृद्ध को थार ने कुचला

दिवाली और छठ पर घर लौट रहे थे यात्री

दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या इन दिनों काफी बढ़ गई है। ट्रेनों और विमानों में भीड़ के चलते बड़ी संख्या में लोग बसों और निजी वाहनों से अपने घरों का रुख कर रहे हैं। आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जा रही इस बस में भी करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें अधिकतर लोग त्योहार पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौट रहे थे। लेकिन कुशीनगर में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।

पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव अभियान

ये भी पढ़ें: पुलिस चौकी में अचानक हुआ जोरदार धमाका, शीशे टूटने से घायल हुआ डिलीवरी कर्मी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं।

Share: