Rampur Police Encounter: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के थाना गंज क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
सुबह मिली सूचना के बाद बनाई गई तीन विशेष टीमें
अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर ने बताया कि थाना गंज क्षेत्र में सुबह गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्हें घटना के सभी पहलुओं की जांच और आरोपियों की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ये भी पढ़ें: पहले प्रेमिका ने पकड़े हाथ, फिर पति ने घोंट दिया गला, लखनऊ मर्डर केस का दिल दहला देने वाला खुलासा
सर्विलांस और सीसीटीवी से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इन माध्यमों से पुलिस को आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी दोबारा उसी क्षेत्र में गोकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।
पुलिस की घेराबंदी पर बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग

जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी को बिना गोली लगे गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: 200 रुपये पर खूनी झड़प: दोस्त ने दांतों से ही चबा डाला दोस्त का कान, रामपुर में दोस्ती हुई शर्मसार
चार आरोपी थे शामिल, एक अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले में कुल चार आरोपी शामिल थे। इनमें से तीन पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हथियार, बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, एक चाकू, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।
