Moradabad AC Bus Fire News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार रात दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आनंद विहार (दिल्ली) से बरेली जा रही बरेली डिपो की एसी बस में अचानक तेज धमाके के बाद आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख यात्रियों ने बिना देर किए बस से बाहर छलांग लगा दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दलपतपुर पुल पर अचानक हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 9 बजे मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर पुल की है। दिल्ली के आनंद विहार से बरेली के लिए निकली रोडवेज की एसी बस नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। बस जैसे ही दलपतपुर पुल पर पहुंची, उसके पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और बस में आग की लपटें उठने लगीं। अचानक हुई इस घटना से हाईवे पर कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
एसी में खराबी के बाद हुआ ब्लास्ट

बस चालक वसीम के मुताबिक, बस के एसी पोर्शन में पहले तकनीकी खराबी आई थी। इसके बाद अचानक तेज धमाका हुआ और आग लग गई। चालक ने आशंका जताई कि एसी में आई खराबी के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यात्रियों ने धुआं देखकर परिचालक को किया सतर्क
बस के परिचालक चंद्रपाल सिंह ने बताया कि बस में यात्री सवार थे और सभी अपनी मंजिल की ओर जा रहे थे। दलपतपुर पुल पर चढ़ते समय कुछ यात्रियों ने पीछे की तरफ से केबिन में धुआं आने की शिकायत की। यात्रियों की बात सुनकर परिचालक ने तुरंत बस रुकवा दी। इसके बाद नीचे उतरकर जांच की गई तो बस से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं।
लपटें देखकर घबराए यात्री
परिचालक ने बताया कि बस में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाकर सभी यात्रियों को तुरंत बस से नीचे उतरने के लिए कहा। इसके बाद यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने लगे। गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर आ गए।
ये भी पढ़ें: जिस बेटे का मनाना था जन्मदिन, उसी की उठी अर्थी; बोलेरो ने 5 बच्चों को कुचला
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना के बाद बस चालक और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मूंढापांडे थाना क्षेत्र में तैनात पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: हंसी खुशी घर लौट रहा था परिवार, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रेलर; 6 लोगों की मौत से मचा कोहराम
टला बड़ा हादसा
इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते बस रुकने और परिचालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










