लड़की और शराब लाओ… कुशीनगर में आधी रात ढाबे में घुसे दो सिपाही, महिला को घसीट ले गए; दोनों सस्पेंड

Kushinagar News: कुशीनगर में आधी रात ढाबे पर दो सिपाहियों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। सिपाहियों ने ढाबा संचालक से शराब और महिला की मांग की, मना करने पर बदसलूकी करते हुए महिला को जबरन ले गए।


August 5, 2026 by

Kushinagar News in Hindi: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। कसया थाना क्षेत्र में तैनात दो सिपाहियों पर एक ढाबा संचालक और एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि देर रात ढाबा संचालक से लड़की और शराब की मांग की गई।

मांग पूरी न होने पर दोनों सिपाहियों ने घर में घुसकर मारपीट की, महिला को जबरन अपने साथ ले गए और धमकियां भी दीं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों सिपाहियों को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

महिला ने सुनाई पूरी घटना

महिला ने सुनाई पूरी घटना

पीड़िता संध्या ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ कसया में किराए के कमरे में रहती हैं। उनकी बहन पार्लर चलाती हैं। संध्या ने बताया कि रात करीब दो बजे कसया थाने में तैनात सिपाही उमाशंकर यादव उनके घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे। जब दरवाजा नहीं खोला गया तो वह पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुस गए। छत का ताला और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा गाली-गलौज और मारपीट की गई।

महिला का कहना है कि जब पड़ोसी उनके पक्ष में बोलने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर माड़ापार ले जाया गया, जहां उनके साथ बदसलूकी की गई और सुबह करीब पांच बजे उन्हें वापस कसया छोड़ दिया गया।

ढाबा संचालक ने लगाए गंभीर आरोप

ढाबा संचालक पप्पू सिंह ने बताया कि घटना से पहले उनकी सिपाही उमाशंकर यादव से फोन पर बातचीत हुई थी। उनके अनुसार, मुलाकात के दौरान सिपाही ने उनसे लड़की की व्यवस्था करने की मांग की। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।

पप्पू सिंह का आरोप है कि इसके बाद रात करीब एक बजे गोरखपुर स्थित उनके ढाबे पर पहुंचकर वहां मौजूद कर्मचारियों से भी लड़की और शराब की मांग की गई। कर्मचारियों ने जब असमर्थता जताई तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद लगातार फोन किए गए और फिर देर रात कसया स्थित उनके कमरे पर पहुंचकर छत के रास्ते घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की गई।

ये भी पढ़ें: बेटी की लव मैरिज बनी काल: सीतापुर में 6 महीने बाद बदला, हिस्ट्रीशीटर ने समधी को उतारा मौत के घाट

महिला को भी ले गए साथ

पप्पू सिंह का कहना है कि जब उनके पड़ोस में रहने वाली महिलाएं बीच-बचाव के लिए बाहर आईं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि इसके बाद उन्हें और महिला को जबरन वाहन में बैठाकर माड़ापार ले जाया गया। वहां दोनों को धमकी दी गई कि यदि उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई की तो उनके गोरखपुर स्थित ढाबे को भी नहीं चलने दिया जाएगा।

एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

घटना के बाद पप्पू सिंह और पीड़िता संध्या पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। दोनों ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की।

जांच रिपोर्ट आते ही दोनों सिपाही निलंबित

कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान एक महिला और ढाबा संचालक पप्पू सिंह ने तहरीर देकर दो सिपाहियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में एक सिपाही का नाम उमाशंकर यादव तथा दूसरे को अज्ञात बताया गया था। जांच के दौरान दूसरे सिपाही की पहचान महेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई।

एसपी ने बताया कि सीओ सिटी से कराई गई जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, जिसमें नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

ये भी पढ़ें: हमने अपनी मर्जी से शादी की, संभल के प्रेमी युगल वीडियो में बोले- जान का खतरा, घरवाले जिम्मेदार

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन, मुकदमा दर्ज होने और जेल भेजे जाने की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विभागीय जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share: