Kannauj Road Accident: कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से तीन की मौत, चालक फरार

Kannauj Road Accident: कन्नौज के इंदरगढ़ में तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।


November 10, 2026 • by

Kannauj Road Accident News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

देर रात घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अगौस गांव निवासी आशीष (24) सोमवार देर रात अपने बड़े भाई मनीष (28) और गांव के ही वेद प्रकाश (50) व विजय (35) के साथ घर लौट रहे थे। चारों लोग एक ही बाइक पर सवार थे। बताया गया कि वे कचाटीपुर गांव स्थित अपने प्लॉट से वापस आ रहे थे।

इंदरगढ़-तिर्वा मार्ग पर कार ने मारी जोरदार टक्कर

चारों बाइक सवार जैसे ही इंदरगढ़-तिर्वा मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

तीन लोगों की मौके पर ही मौत

इस भीषण टक्कर में विजय, वेद प्रकाश और मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे ने पूरे अगौस गांव को झकझोर कर रख दिया है।

घायल युवक को मेडिकल कॉलेज से कानपुर किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आशीष को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें:  दीपावली की सुबह मातम में बदली खुशियां, छत गिरने से मां-दादी और मासूम बच्चे की मौत

फरार कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की तलाश कर रही है। इंदरगढ़ थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि फरार कार की तलाश की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: पोल से टकराते ही आग का गोला बनी कार, अंदर फंसे 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

एक साथ तीन मौतों से अगौस गांव में पसरा मातम

इस हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की जान जाने से अगौस गांव में शोक का माहौल है। जिन घरों में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। हादसे की खबर मिलने के बाद से ही मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Share: