Gorakhpur News Today: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण तत्काल और प्रभावी तरीके से किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी सिर्फ लोगों की शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनका समाधान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। फरियादियों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता के बीच पहुंचकर सुनीं समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इसमें कुल 125 लोग अपनी अलग-अलग समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसी मंच पर बैठकर लोगों की फरियाद सुनने के बजाय खुद उनके बीच पहुंचकर एक-एक व्यक्ति से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने फरियादियों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत की प्रकृति को समझते हुए संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई शुरू करें, जिससे पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।
सिर्फ सुनवाई नहीं, समाधान भी जरूरी
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटक रहे लोगों को राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादी को उसका वास्तविक लाभ मिले।
उन्होंने निष्पक्षता के साथ शिकायतों की गुणवत्ता के आधार पर जांच और समाधान करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री का कहना था कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि किसी पीड़ित व्यक्ति को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों में न जाना पड़े।
पैसों की कमी से नहीं रुकेगा उपचार
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों से पीड़ित अपने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। उनकी समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि रुपये की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: अयोध्या में सीएम योगी ने मनाई दीपावली, रामलला के दरबार में जलाया दीप
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि आर्थिक सहायता की जरूरत वाले मरीजों के उच्च स्तरीय उपचार के लिए अस्पताल से जल्द से जल्द अनुमानित खर्च यानी एस्टीमेट तैयार कराया जाए। एस्टीमेट मिलने के बाद सरकार की ओर से इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
फरियादियों के बच्चों पर भी बरसाया स्नेह
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपनी शिकायतें लेकर बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की और स्नेहपूर्वक दुलार किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और आशीर्वाद देकर विदा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को परेशान होने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने और उनका समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में 371 करोड़ की आवासीय टाउनशिप, 855 प्लॉट के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
जनता दर्शन के जरिए मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अधिकारियों को संदेश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










