Kanpur Thar Accident: दिवाली से पहले उजड़ गया परिवार, पत्नी के लिए साड़ी लेने निकले वृद्ध को थार ने कुचला

Kanpur Thar Accident: दिवाली पर पत्नी के लिए साड़ी खरीदने निकले संतोष सिंह चौहान की कानपुर में तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया


November 8, 2026 • by

Kanpur Thar Accident Today: उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार थार ने ऐसा कहर बरपाया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। स्कूटी सवार वृद्ध को टक्कर मारने के बाद थार करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। इसके बाद गाड़ी का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि थार एक युवती चला रही थी और कार में उसके साथ एक अन्य युवती तथा युवक भी मौजूद थे।

कानपुर में रफ्तार का खौफनाक कहर

यह दर्दनाक हादसा शनिवार देर शाम कानपुर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास इलाके में ईको पार्क गायत्री पैलेस के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, पनकी के स्वराजनगर निवासी संतोष सिंह चौहान अपनी स्कूटी से केशवपुरम की ओर गए थे। वह अपनी पत्नी सुनीता के लिए दिवाली के मौके पर साड़ी खरीदने निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही थार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष कई फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरे।

20 मीटर तक घसीटती रही बेकाबू थार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी थार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। कार संतोष को करीब 20 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इसके बाद थार का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सिर कुचलने से घटनास्थल पर मचा हड़कंप

हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार का पहिया संतोष के सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उनका भेजा निकलकर पास में खड़ी महिलाओं के पैरों के पास जा गिरा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद एक महिला बेहोश हो गई। हादसे की भयावहता ने आसपास मौजूद लोगों को बुरी तरह झकझोर दिया।

पिलर तोड़कर मकान के गार्डन में घुसी थार

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार की रफ्तार बेहद तेज थी। संतोष को टक्कर मारने और उन्हें घसीटने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मकान के बाहरी हिस्से में बने पिलर को तोड़ते हुए गार्डन में जा घुसी। घटनास्थल पर मौजूद अधिवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई थार ने स्कूटी सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे का मंजर इतना डरावना था कि उनकी पत्नी भी देखकर बेहोश हो गईं।

ये भी पढ़ें: घर में लगी आग ने छीन ली दो जिंदगियां, हाथरस में बुजुर्ग पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

थार में सवार थीं दो युवतियां और एक युवक

जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त थार में चालक युवती के अलावा एक अन्य युवती और युवक भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि दोनों युवतियां नशे की हालत में थीं। हादसे के बाद दोनों युवतियां दूसरी कार से घटनास्थल से चली गईं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। बताया जा रहा है कि थार के आगे भारतीय किसान यूनियन और पीछे कृष्णा ग्रुप लिखा हुआ था।

पत्नी के लिए साड़ी लेने गए थे, कफन में लौटा शव

इस हादसे का सबसे भावुक पहलू यह है कि संतोष अपनी पत्नी के लिए दिवाली पर साड़ी खरीदने निकले थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में घर लौट आएंगे और त्योहार की खुशियां साथ मनाएंगे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ये भी पढ़ें: कार में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट ने पलभर में राख कर दी कार

पुलिस ने जब्त की थार

मामले में पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share: