UP News Today: उत्तर प्रदेश में रिश्तों को हैरान कर देने वाला एक और मामला सामने आया है। कानपुर के चर्चित सास-दामाद प्रकरण के बाद अब उन्नाव में एक महिला पर अपने ही दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि करीब 15 साल पहले बेटी की मौत के बाद सास और दामाद के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं।
परिवार के विरोध के बावजूद दोनों के बीच मेलजोल जारी रहा। हैरानी की बात यह है कि महिला अपने गंभीर रूप से बीमार पति को घर पर छोड़कर लापता हो गई। अब उसके बेटे ने पुलिस अधीक्षक से मां को वापस लाने और घर से गायब हुए पुश्तैनी जेवरात बरामद कराने की मांग की है।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
पूरा मामला उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले एक युवक ने पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर अपनी मां के लापता होने की जानकारी दी है। युवक का आरोप है कि उसकी मां अपने ही दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई है। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद बेटे ने एसपी से मामले में हस्तक्षेप करने और मां को वापस लाने की गुहार लगाई है।
बेटी की मौत के बाद बढ़ीं नजदीकियां
शिकायतकर्ता बेटे के मुताबिक, करीब 15 साल पहले उसकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय बहन के पति यानी उसके बहनोई पर हत्या का आरोप लगा था। हालांकि, बहन के छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार ने उस वक्त बहनोई के खिलाफ कोई कानूनी मुकदमा दर्ज नहीं कराया था। बेटे का दावा है कि बहन की मौत के बाद ही उसकी मां और बहनोई के बीच बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ने लगा था।
परिवार की नाराजगी भी नहीं रोक सकी मुलाकातें
बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी मां और दामाद के बीच बढ़ती नजदीकियों का परिवार के दूसरे सदस्यों ने विरोध किया था। महिला का पति भी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और उसने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद मां ने परिवार की बातों को अनसुना कर दिया और दामाद से मिलना-जुलना जारी रखा। बेटे के अनुसार, इस वजह से घर में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था।
10 बिस्वा जमीन नाती के नाम करने के बाद लापता हुई महिला
शिकायत में बेटे ने बताया कि उसकी मां ने 14 सितंबर को अपनी 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम हस्तांतरित कर दी थी। इसके कुछ समय बाद 2 नवंबर को वह अचानक घर से लापता हो गई। परिवार को शुरुआत में महिला के कहीं चले जाने की आशंका हुई, लेकिन जब उसकी तलाश की गई तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। बेटे को संदेह है कि मां दामाद के साथ ही गई है।
ये भी पढ़ें: पहले प्रेमी संग मिलकर पति को मरवाया, फिर उसी को छोड़ा… बागपत पुलिस ने साईन बेगम को दबोचा
जमीन के नीचे छिपाकर रखे पुश्तैनी जेवर गायब
बेटे की शिकायत का एक अहम पहलू घर से पुश्तैनी जेवरात का गायब होना भी है। उसका आरोप है कि महिला घर छोड़ने से पहले कोठरी में जमीन के नीचे गाड़कर रखे गए कीमती आभूषण भी अपने साथ ले गई। परिवार के मुताबिक, गायब जेवरात में करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल है। परिजनों को जब जमीन खोदकर रखे गए जेवर नहीं मिले तो उनके होश उड़ गए। अब बेटे ने पुलिस से इन आभूषणों को बरामद कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: यूपी में दूषित खून की तस्करी का बड़ा खुलासा, 100 यूनिट ब्लड के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
शिकायतकर्ता का कहना है कि मां के लापता होने और घर से पुश्तैनी जेवर गायब मिलने के बाद उसने अजगैन थाने में शिकायत की थी। हालांकि, उसके मुताबिक स्थानीय स्तर पर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के पास पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायती पत्र सौंपा। बेटे ने अपनी मां का पता लगाने, उसे वापस लाने और गायब हुए जेवरात बरामद कराने की मांग की है।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










