Moradabad House Collapse News: मुरादाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के आका भिकनपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के अचानक ढहने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
महिला और बच्चे के दबे होने की आशंका
मकान गिरने के बाद मलबे में एक महिला और बच्चे के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। फिलहाल मलबे के अंदर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी के साथ मलबे की जांच कर रही है, ताकि यदि कोई व्यक्ति अंदर फंसा हो तो उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अधिकारियों की निगरानी में बचाव अभियान लगातार जारी है।
मौके पर प्रशासन की निगरानी
मकान गिरने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए संबंधित टीमें लगातार काम कर रही हैं। हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुटने से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश भी की जा रही है।
पुराना मकान बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरा हुआ मकान पुराना बताया जा रहा है। हालांकि मकान गिरने की सटीक वजह और हादसे में किसी के हताहत होने की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: बुर्का पहनकर काली मंदिर पहुंची रुखसार, पूजा के बाद बोली- शरीर में हुआ कुछ ऐसा कि अब…
मुरादाबाद में पहले भी गिरा था पुराना मकान
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुरादाबाद के मुगलपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक पुराने तीन मंजिला मकान के गिरने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में आका भिकनपुर में दो मंजिला मकान गिरने की घटना ने पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इलाज के दौरान महिला की मौत
पुलिस के अनुसार, अक्का भीकनपुर गांव में मकान का लेंटर गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में दबी महिला को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुरादाबाद के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।












