Rampur Crime News: रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर संचालक पूरन सिंह (45) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका लहूलुहान शव शनिवार सुबह दुकान से करीब 10 मीटर दूर धान के खेत में मिला। घटनास्थल के पास खून से सना चाकू भी पड़ा मिला। गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार के निशान बताए गए हैं।
चारपाई पर सो रहे थे पूरन
पुलिस के मुताबिक पूरन सिंह गांव से करीब 500 मीटर दूर जमीन खरीदकर वहां जनरल स्टोर चलाते थे। वह रात में दुकान पर ही सोते थे। आशंका है कि हमलावर ने चारपाई पर सोते समय उन पर चाकू से हमला किया। इसके बाद शव को घसीटकर दुकान के पास स्थित धान के खेत में डाल दिया और फरार हो गया।
सुबह दुकान खुली मिली
शनिवार सुबह पूरन का बेटा बबलू काम पर जाने के लिए निकला था। उस समय पूरन दुकान पर नहीं दिखे। बबलू के मुताबिक, उसे लगा कि पिता आसपास कहीं गए होंगे। बाद में जब वह वापस दुकान पर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। सड़क पर गमछा और चप्पल पड़ी हुई थी, जिसके बाद उसे अनहोनी की आशंका हुई।
ये भी पढ़ें: शाहजहांपुर में 2 साधुओं की हत्या: मंदिर में चिता बनाकर जलाए शव, धुआं उठने पर खुला मामला
खेत में मिला लहूलुहान शव
बबलू ने घर जाकर भी पिता के बारे में जानकारी की, लेकिन पूरन वहां नहीं थे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकले। तलाश के दौरान दुकान से करीब 10 मीटर दूर धान के खेत में पूरन का शव पड़ा मिला। उनकी गर्दन पर चोट के कई निशान थे। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हत्या से जुड़े सुराग तलाशे।
जमीन विवाद का आरोप
मृतक के बेटे बबलू ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है। उसने गांव के ही नरपत सिंह पर आरोप लगाया है। बबलू के अनुसार, जिस जमीन पर दुकान बनी है, वह उसके पिता ने करीब डेढ़ साल पहले खरीदी थी। उसका कहना है कि जमीन बेचने वाले व्यक्ति के चाचा नरपत सिंह से उनके परिवार की रंजिश थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
परिवार में पत्नी और तीन बच्चे
पूरन सिंह विजेइया गांव के रहने वाले थे और खेती भी करते थे। परिवार में पत्नी लक्ष्मी (40), बड़ा बेटा बबलू (20), दूसरा बेटा बॉबी (17) और बेटी अर्चना (16) हैं। बबलू वाहन चलाता है, जबकि बॉबी और अर्चना पंजाब नगर स्थित स्कूल में पढ़ते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पूरन सिंह का शव दुकान के पास धान के खेत में मिला है। गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: अमरोहा में स्मैक के साथ 2 गिरफ्तार, 9 लाख की नशे की खेप बरामद; पुलिस ने खोला तस्करी का नेटवर्क
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम है और गांव में भी वारदात को लेकर चर्चा है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..
















