Abdullah Murder Case Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिवाली की रात चाय के ढाबे पर हुए गोलीकांड में 17 वर्षीय अब्दुल्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित खातिरदारी होटल और चाय की दुकान पर युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान अब्दुल्ला को गोली मार दी गई थी।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय अब्दुल्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मूंढापांडे क्षेत्र के गांव नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और चमरौआ निवासी सरताज चौधरी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मझोला थाना प्रभारी (एसएचओ) ने बताया कि सरताज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा नामजद आरोपी मोहसिन चौधरी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
चाय के ढाबे पर विवाद के दौरान चली थी गोली
दरअसल, दिवाली की रात दिल्ली रोड स्थित खातिरदारी होटल और उससे जुड़ी चाय की दुकान पर कुछ युवक बैठे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने तमंचे से गोली चला दी। गोली 17 वर्षीय अब्दुल्ला को जा लगी।
गोली लगने के बाद अब्दुल्ला जान बचाने के लिए होटल के अंदर की तरफ भागा, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें गोली लगने के बाद किशोर को भागते हुए देखा गया।
ये भी पढ़ें: शेयर मार्केट में गंवाए 5 लाख, फिर 20 लाख लूटने पहुंचा बीटेक छात्र; एक गलती से खुला राज
पाकबड़ा का रहने वाला था अब्दुल्ला

मृतक की पहचान 17 वर्षीय अब्दुल्ला पुत्र शाकिब के रूप में हुई थी। वह मुरादाबाद के पाकबड़ा स्थित मुल्लाओ वाला मोहल्ले का रहने वाला था। उसके परिवार का बर्तन का कारोबार है। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार मोहसिन चौधरी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह की भी जांच कर रही है।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










