Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में प्रेमिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। महिला उस पर साथ रहने और शादी करने का दबाव बना रही थी। वह खुद को गर्भवती भी बता रही थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। वारदात के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर मृतका की अस्थियां, कपड़े, चुनरी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
28 सितंबर को अचानक लापता हुई थी राखी
मामला बिजनौर के चांदपुर कोतवाली क्षेत्र का है। गांव कुतुबपुर गांवड़ी निवासी 28 वर्षीय राखी पुत्री मदन कश्यप पास की ही एक कुल्हड़ बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी। 28 सितंबर को वह अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 8 नवंबर को उसकी मां रेखा ने चांदपुर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो धीरे-धीरे एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ।
डेढ़ साल से चल रहे थे प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, हत्या के आरोप में हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव गंधौर निवासी विकास को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि विकास शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। वह करीब डेढ़ साल तक अपनी पत्नी और बेटी के साथ राखी के गांव कुतुबपुर गांवड़ी में किराए के मकान में रहा था। इसी दौरान पति से तलाक लेकर अपने पिता के घर रह रही राखी के साथ उसके संबंध बन गए। कुछ समय बाद विकास अपने परिवार के साथ अपने गांव गंधौर चला गया, लेकिन राखी के साथ उसका संपर्क बना रहा।
शादी और साथ रहने का बना रही थी दबाव
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राखी खुद को गर्भवती बता रही थी। वह विकास पर अपने साथ रखने और शादी करने का दबाव बना रही थी। करीब दो महीने पहले राखी उसके घर भी पहुंच गई थी और उसकी पत्नी के सामने हंगामा किया था। आरोप है कि उसने सभी को मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी। इसी विवाद के बाद विकास ने राखी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
मिलने के बहाने बुलाया और रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को राखी ने विकास को फोन कर मिलने की जिद की। आरोपी पहले से ही उसकी हत्या की योजना बना चुका था। उसने राखी को जलीलपुर ब्लॉक पर मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने के बाद विकास ने उसका मोबाइल फोन बंद करा दिया, ताकि उसके संपर्क में आने की संभावना कम हो जाए। इसके बाद आरोपी ने खाने-पीने का सामान खरीदा। इसमें समोसे, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और शराब शामिल थी।
ई-रिक्शा और ऑटो से पहुंचे नहर की पटरी पर
आरोपी और राखी जलीलपुर ब्लॉक से ई-रिक्शा के जरिए बस स्टैंड पहुंचे। इसके बाद दोनों ने ऑटो लिया और चांदपुर-जलीलपुर रोड पर बबनपुरा नहर की पटरी के पास उतर गए। वहां दोनों ने समोसे खाए और कोल्ड ड्रिंक पी। इस दौरान दोनों ने शराब भी पी। पुलिस के मुताबिक, इसी सुनसान जगह पर विकास ने राखी की हत्या को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें: शेयर मार्केट में गंवाए 5 लाख, फिर 20 लाख लूटने पहुंचा बीटेक छात्र; एक गलती से खुला राज
हत्या के बाद झाड़ियों में फेंक दिया शव
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने राखी की चुनरी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या करने के बाद उसने शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद आरोपी सामान्य जीवन जीता रहा, जबकि राखी के परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।
डेढ़ महीने बाद कंकाल से खुला हत्याकांड
पुलिस ने आरोपी विकास की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर बबनपुरा नहर की पटरी के पास से राखी की अस्थियां और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद वस्तुओं में मृतका के कपड़े, एक पायल, चुनरी, देशी शराब का पाउच और स्प्राइट की खाली बोतल शामिल हैं। इन बरामद वस्तुओं के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: अब्दुल्ला हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: सरताज चौधरी गिरफ्तार; मोहसिन की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेजा
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय ने मामले की जानकारी दी। वहीं, सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि राखी की गुमशुदगी के मामले को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी विकास को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










