कानपुर में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस-डंपर की टक्कर में टीचर की मौत, 5 बच्चों समेत 10 घायल!

Kanpur News: कानपुर के बिधनू में गांधी जयंती कार्यक्रम में जा रही स्कूल बस की मौरंग लदे डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि पांच छात्रों समेत 10 लोग घायल हुए।


October 2, 2026 • by

Kanpur Road Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल की विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि पांच छात्रों समेत 10 अन्य लोग घायल हो गए। बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव में पंचायत भवन के सामने स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र सवार थे, जो गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल जा रहे थे।

टक्कर से बस का दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह हरबसपुर पंचायत भवन के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार मौरंग लदा डंपर स्कूल बस से टकरा गया। बस चालक ने डंपर को सामने से आता देख वाहन को सड़क से नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद डंपर ने बस के दाहिने हिस्से को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए और अंदर बैठे शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्रों में चीख-पुकार मच गई।

ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में पिज्जा रेस्टोरेंट में सिलिंडर ब्लास्ट, धमाके से मकान की दीवारें दरकीं; 5 घायल!

खिड़की के पास बैठी शिक्षिका को लगी गंभीर चोट

हादसे में बर्रा निवासी 30 वर्षीय विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह बस के पिछले हिस्से में खिड़की की शीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कांच टूटकर उनके सिर और चेहरे में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अन्य घायलों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बस में सवार थे 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं और पांच छात्र

चीना पब्लिक स्कूल, घाटमपुर में गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र बस से रवाना हुए थे। बस चालक अर्जुन के मुताबिक, वह नौबस्ता बंबा, बिनगवां और बिधनू कस्बे से स्टाफ और छात्रों को बैठाकर स्कूल जा रहा था। बस में कुल 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं और पांच छात्र सवार थे। हरबसपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे मौरंग लदे डंपर से उनकी बस की भिड़ंत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बस से बाहर निकाले घायल

हादसे के बाद बस में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से बस में फंसे छात्रों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिधनू में भर्ती कराया गया। हादसे में कई लोगों को कांच लगने और टक्कर के कारण चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया।

दो शिक्षकों की हालत गंभीर

हादसे में तौधकपुर निवासी 37 वर्षीय शिक्षिका अंजू और जूही निवासी 30 वर्षीय शिक्षक हिमांशु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, बस में सवार शिक्षक-शिक्षिकाओं अर्पित दीक्षित, दुर्गा चौहान और निखलेश्वर बाजपेई समेत छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पांच छात्र भी हुए हादसे का शिकार

दुर्घटना में छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच लगने से चोट आई। इसके अलावा छात्र-छात्राएं कनिष्क, मैत्री, सुहानी और कुशाग्र भी मामूली रूप से घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे के बाद स्कूल के छात्रों और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया।

शिक्षिका का शव देखकर बेसुध हुईं प्रिंसिपल

शिक्षिका का शव देखकर बेसुध हुईं प्रिंसिपल

हादसे की जानकारी मिलने पर स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह कार से सीएचसी बिधनू पहुंचीं। वह बस के पीछे अपनी कार से आ रही थीं। अस्पताल में ऐश्वर्या श्रीवास्तव का शव देखकर प्रिंसिपल बेसुध हो गईं। शिक्षिका की मौत की खबर से स्कूल स्टाफ में शोक छा गया। गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रों के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

ये भी पढ़ें: रात के सन्नाटे में धधक उठी बैटरी फैक्ट्री, मची अफरा-तफरी: अमरोहा में आग से लाखों का नुकसान

ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बस चालक के मौके से भागने की बात सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने डंपर चालक को भी हिरासत में लिया है।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करेगी पुलिस

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करेगी पुलिस

थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की टक्कर में एक शिक्षिका की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में लिया है। मामले में तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share: