मुरादाबाद में दीवार पर दिखा तेंदुओं का जोड़ा, मोबाइल निकालते ही घर में घुसा खूंखार जानवर, मचा हड़कंप

Moradabad Leopard Attack: मुरादाबाद जिले में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ओवरहेड टैंक पर बैठे तेंदुओं का वीडियो बना रहे एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया और उसका पीछा करते हुए घर में घुस गया।


August 7, 2026 by

Moradabad Leopard Attack News: यूपी के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव लालापुर पीपलसाना में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। चार दिन पहले गन्ने के खेत में एक महिला की जान लेने वाली घटना के बाद अब एक और खौफनाक मामला सामने आया है।

बुधवार देर रात गांव की आबादी के बीच बने ओवरहेड पानी की टंकी पर नर और मादा तेंदुए का जोड़ा बैठा दिखाई दिया। तेंदुओं को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन इसी दौरान एक युवक मोबाइल से उनका वीडियो बनाने लगा। कुछ ही सेकेंड बाद पूरा माहौल डर और चीख-पुकार में बदल गया।

वीडियो बनाते युवक पर झपटा तेंदुआ

वीडियो बनाते युवक पर झपटा तेंदुआ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव निवासी सीताराम सिंह का बेटा सुरेंद्र सिंह अपने मोबाइल फोन से तेंदुओं का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ आक्रामक हो गया और तेज रफ्तार से सुरेंद्र की ओर दौड़ पड़ा। अचानक हुए हमले से घबराकर सुरेंद्र जान बचाने के लिए अपने घर की ओर भागे, लेकिन तेंदुआ भी उनके पीछे-पीछे घर के अंदर तक घुस गया। इस दौरान परिवार और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

ग्रामीणों के शोर से बची जान

तेंदुए के घर में घुसने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों तेंदुए घर से बाहर निकले और पास के जंगल की ओर भाग गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए अब खेतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आबादी के बीच तक पहुंच रहे हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें: अमरोहा में बारिश के बीच भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबकर 3 की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार

चार दिन पहले महिला की मौत

गांव लालापुर पीपलसाना में पिछले कुछ दिनों से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। चार दिन पहले गांव के पास गन्ने के खेत में तेंदुए के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बाद से ग्रामीणों में पहले ही भय का माहौल था। अब आबादी के बीच तेंदुओं के पहुंचने और घर में घुसने की घटना ने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। ग्रामीण शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं और खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डॉ. विनय कुमार

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डॉ. विनय कुमार ने बताया कि पूरे इलाके में वन विभाग की टीमें लगातार दिन-रात गश्त कर रही हैं। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आगरा से एसओएस (स्पेशल ऑपरेशन सर्विस) की विशेषज्ञ टीम भी बुलाई गई है। यह टीम आधुनिक तकनीक की मदद से तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करेगी और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने में वन विभाग की सहायता करेगी। डीएफओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल अकेले खेतों में न जाएं और किसी भी स्थिति में तेंदुओं के पास जाकर वीडियो बनाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें।

ये भी पढ़ें: टूटी हड्डी, खाली जेब और रुका ऑपरेशन, रामपुर के दिव्यांग की दर्दभरी कहानी आपको भावुक कर देगी

तेंदुए के हॉट स्पॉट होंगे चिन्हित

मुरादाबाद में लगातार बढ़ रहे तेंदुओं के हमलों को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में वन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि तेंदुओं की गतिविधियों वाले हॉट स्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित किया जाएगा और वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।

फिलहाल वन विभाग के पास 13 पिंजरे उपलब्ध हैं, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों की संख्या बढ़ने के कारण नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के सहयोग से 20 नए पिंजरे खरीदे जाएंगे, ताकि हर संवेदनशील क्षेत्र को कवर किया जा सके।

लगातार हो रही घटनाओं पर प्रशासन सख्त

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेंदुओं के हमलों को रोकने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों में बढ़ोतरी की जाए। बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में तेंदुओं की गतिविधियों, अब तक किए गए बचाव कार्यों और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर हर संभव कदम उठाया जाएगा, ताकि तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी वाले इलाकों से दूर किया जा सके।

Share: