Green Peas Benefits: सर्दियों में हरी मटर खाने से शरीर को मिलते हैं ये फायदे, डॉक्टर ने भी बताई इसकी खासियत

Green Peas Benefits: सर्दियों में हरी मटर सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत का खजाना भी है। इसमें मौजूद प्रोटीन, फाइबर, आयरन और फोलेट पाचन से लेकर गट हेल्थ तक के लिए फायदेमंद हैं।


November 13, 2026 • by

Green Peas Benefits in Hindi: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी हरी मटर की भरमार होने लगती है। आलू मटर, मटर पनीर, मटर के पराठे और मटर का निमोना जैसी स्वादिष्ट डिश लगभग हर घर में बनाई जाती हैं। ज्यादातर लोग हरी मटर को सिर्फ स्वाद और प्रोटीन के लिए अपनी डाइट में शामिल करते हैं, लेकिन इसके छोटे-छोटे दानों में फाइबर, आयरन, विटामिन C और फोलेट जैसे कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं।

ये पोषक तत्व पाचन से लेकर आंतों की सेहत और शरीर की कोशिकाओं के सामान्य विकास तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सर्दियों में हरी मटर खाना आपकी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकता है।

हरी मटर को लेकर डॉक्टर ने बताई खास बातें

प्रसिद्ध भारतीय मूल के अमेरिकी गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में हरी मटर के पोषण और उससे मिलने वाले फायदों के बारे में जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, हरी मटर सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाली सब्जी नहीं है, बल्कि इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। खास बात यह है कि इसमें प्रोटीन और फाइबर दोनों अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। आइए जानते हैं कि रोजाना हरी मटर खाने से शरीर को कौन-कौन से फायदे मिल सकते हैं।

पाचन को बेहतर बनाने में मददगार है हरी मटर

हरी मटर को फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है। एक कप पकी हुई हरी मटर में लगभग 9 ग्राम फाइबर पाया जाता है, जो रोजाना की फाइबर जरूरत का करीब 31 प्रतिशत हो सकता है। इसमें घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह के फाइबर मौजूद होते हैं। ये मल त्याग को नियमित रखने, कब्ज की समस्या से बचाव और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। जिन लोगों की डाइट में फाइबर की कमी होती है, उनके लिए हरी मटर एक अच्छा विकल्प हो सकती है।

आयरन के साथ मिलता है विटामिन C

शरीर में आयरन की पर्याप्त मात्रा होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह हीमोग्लोबिन बनाने और शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। हरी मटर भी आयरन का एक अच्छा पौधों पर आधारित स्रोत है। लगभग 100 ग्राम पकी हुई हरी मटर में 1.5 मिलीग्राम आयरन पाया जा सकता है। इसके अलावा इसमें विटामिन C भी मौजूद होता है, जो पौधों से मिलने वाले नॉन-हीम आयरन के अवशोषण को बेहतर बनाने में मदद करता है।

ये भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीज सुबह क्या खाएं? डॉक्टर ने बताया ब्लड शुगर कंट्रोल करने का सही तरीका

गट हेल्थ के लिए भी फायदेमंद

हमारी आंतों में कई तरह के बैक्टीरिया मौजूद होते हैं, जिन्हें गट माइक्रोबायोम कहा जाता है। इनमें कुछ बैक्टीरिया पाचन और आंतों की सेहत को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हरी मटर में मौजूद फाइबर और फर्मेंट होने वाले कार्बोहाइड्रेट इन फायदेमंद बैक्टीरिया के लिए भोजन का काम करते हैं। जब आंतों के बैक्टीरिया इन तत्वों को फर्मेंट करते हैं, तो शॉर्ट-चेन फैटी एसिड बनते हैं। ये आंतों के स्वस्थ वातावरण को बनाए रखने में मदद करते हैं।

DNA बनाने और कोशिकाओं के विकास में मददगार

हरी मटर में फोलेट यानी विटामिन B9 पाया जाता है। यह शरीर के लिए एक जरूरी पोषक तत्व है, जो DNA के निर्माण और कोशिकाओं के सामान्य विभाजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लगभग 100 ग्राम पकी हुई हरी मटर में करीब 63 माइक्रोग्राम फोलेट पाया जा सकता है। शरीर में फोलेट की पर्याप्त मात्रा होना नई कोशिकाओं के निर्माण और सामान्य शारीरिक विकास के लिए जरूरी है। इसलिए संतुलित डाइट में हरी मटर को शामिल करना पोषण की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकता है।

ये भी पढ़ें: पेट में गैस और ब्लोटिंग से हैं परेशान? डॉक्टर ने बताए पेट फूलने की समस्या बढ़ाने वाले फूड्स

प्रोटीन और फाइबर का बेहतरीन कॉम्बिनेशन

प्रोटीन को मांसपेशियों के निर्माण और उनकी मरम्मत के लिए जरूरी माना जाता है। वहीं फाइबर पाचन को बेहतर बनाने और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है। एक कप पकी हुई हरी मटर से लगभग 9 ग्राम प्रोटीन और 9 ग्राम फाइबर मिल सकता है। यही वजह है कि हरी मटर वजन को संतुलित रखने की कोशिश कर रहे लोगों की डाइट का हिस्सा बन सकती है।

कुल मिलाकर हरी मटर सर्दियों में मिलने वाली एक ऐसी सब्जी है, जो स्वाद के साथ शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व भी देती है। इसमें मौजूद प्रोटीन, फाइबर, आयरन, विटामिन C और फोलेट पाचन, गट हेल्थ और कोशिकाओं के सामान्य विकास में मददगार है।

Share: