Delhi Accident News: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में तेज रफ्तार का खौफनाक नतीजा सामने आया है। करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक मॉडिफाइड कार अचानक अनियंत्रित होकर सुरंग की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और देखते ही देखते गाड़ी में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
200 की रफ्तार ने छीन ली युवक की जिंदगी
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अभिनव सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था और गुरुग्राम के सेक्टर-42 में रहता था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अभिनव लुधियाना से गुरुग्राम लौट रहा था। इसी दौरान दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह वही स्थान है जहां सुरंग राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) से जुड़ती है।
80 किलोमीटर की लिमिट
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिनव मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस कार चला रहा था। द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के भीतर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। इसके बावजूद कार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में कार बेहद तेज गति से सुरंग के भीतर गुजरती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि सुरंग से बाहर निकलने और NH-48 की तरफ जाने वाले मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे सुरंग की दीवार से जा टकराई।
ये भी पढ़ें: बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया… ED की हिरासत में जाते वक्त छलका आजम खान का दर्द
इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार दीवार से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के प्रभाव से उसका इंजन उखड़कर बाहर निकल गया। इसके बाद गाड़ी में आग लग गई। तेज रफ्तार और टक्कर की जबरदस्त ताकत के चलते कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भीषण दुर्घटना में अभिनव की जान चली गई।
इस मामले में जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से कुछ ही क्षण पहले अभिनव ने अपनी कार के स्पीडोमीटर की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए थे। इन्हें उसने स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों को भेजा था। पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। जांच एजेंसियां वीडियो और तस्वीरों को रिकवर करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि हादसे से पहले कार की वास्तविक गति और घटनाक्रम से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके।
ये भी पढ़ें: जयपुर में हिस्ट्रीशीटर की सरेराह हत्या, पहले गाड़ी को मारी टक्कर फिर कुल्हाड़ी से काटा
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभिनव की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, उसकी मां बिहार में शिक्षिका हैं। पुलिस की ओर से उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। महज 22 साल की उम्र में बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










