Constipation Relief Drink: सुबह-सुबह पेट साफ करने में होती है परेशानी? आजमाएं ये देसी ड्रिंक!

Constipation Relief Drink: कब्ज और सख्त मल की परेशानी में इमली, आंवला और गुड़ से तैयार देसी ड्रिंक की रेसिपी जानें। साथ ही जानें सेवन का तरीका और जरूरी सावधानियां।


November 10, 2026 • by

Constipation Relief Drink: सुबह उठने के बाद भी अगर आपका पेट ठीक से साफ नहीं होता है और टॉयलेट में 15 से 20 मिनट बैठने के बावजूद मल त्याग करने में परेशानी होती है, तो यह कब्ज (Constipation) का संकेत हो सकता है। कई बार मल इतना सख्त और सूखा हो जाता है कि उसे बाहर निकालने में काफी जोर लगाना पड़ता है।

ऐसी स्थिति में पेट में भारीपन, गैस और पेट फूलने जैसी परेशानियां भी होने लगती हैं। खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव के साथ कुछ घरेलू उपाय भी राहत देने में मदद कर सकते हैं। इसी सिलसिले में इमली, आंवला, हरा धनिया और गुड़ से तैयार एक देसी ड्रिंक की रेसिपी सामने आई है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और इसके सेवन से जुड़ी जरूरी बातें।

क्यों होती है सुबह पेट साफ न होने की समस्या

आजकल की व्यस्त जीवनशैली में कब्ज की समस्या काफी आम हो गई है। लंबे समय तक एक जगह बैठकर काम करना, पर्याप्त पानी नहीं पीना और खाने में फाइबर की कमी इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। इसके अलावा मैदा, जंक फूड और तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन भी पाचन संबंधी परेशानियों को बढ़ा सकता है। जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में फाइबर और पानी नहीं मिलता, तो मल त्याग की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

आंतों में मल कैसे हो जाता है सख्त

हमारी बड़ी आंत पाचन प्रक्रिया के दौरान भोजन से बचे हुए अपशिष्ट पदार्थों से पानी अवशोषित करती है। जब मल आंतों में ज्यादा समय तक रुका रहता है, तो उसमें मौजूद पानी की मात्रा कम होने लगती है। इससे मल सूखा और कठोर हो सकता है। ऐसी स्थिति में मल त्याग करना मुश्किल हो जाता है और व्यक्ति को बार-बार टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस हो सकती है। लगातार जोर लगाने से बवासीर और गुदा में छोटी दरार (एनल फिशर) जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।

घर में मौजूद चीजों से तैयार करें रेसिपी

यूट्यूब चैनल Desi ilaj पर कब्ज की परेशानी के लिए एक घरेलू ड्रिंक की रेसिपी शेयर की गई है। इसे बनाने के लिए इमली, ताजा आंवला, हरा धनिया और गुड़ जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें भुना जीरा, काला नमक, काली मिर्च और हींग भी मिलाई जाती है।

वीडियो में देखें ड्रिंक बनाने का आसान तरीका

ड्रिंक बनाने के लिए इन चीजों की होगी जरूरत

इस देसी ड्रिंक को तैयार करने के लिए आपको निम्नलिखित चीजों की जरूरत होगी:

  • इमली – नींबू के बराबर एक टुकड़ा
  • ताजा आंवला – 1
  • हरा धनिया – 1 मुट्ठी
  • गुड़ – एक छोटा टुकड़ा
  • भुना जीरा पाउडर – ¼ चम्मच
  • काला नमक – 2 चुटकी
  • काली मिर्च पाउडर – 2 चुटकी
  • हींग – 1 चुटकी
  • गुनगुना पानी – जरूरत के अनुसार

कैसे तैयार करें कब्ज के लिए यह देसी ड्रिंक

सबसे पहले इमली को आधा कप गुनगुने पानी में डालकर करीब 15 मिनट के लिए भिगो दें। जब इमली अच्छी तरह नरम हो जाए, तो उसे हाथों से मसलकर उसका पानी छान लें। अब मिक्सर जार में इमली का पानी, एक ताजा आंवला, एक मुट्ठी हरा धनिया और गुड़ का छोटा टुकड़ा डालें। इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह पीसकर पेस्ट तैयार कर लें।

ये भी पढ़ें: रात में नहीं खाना चाहते भारी खाना? घर पर बनाएं प्रोटीन से भरपूर हरी मूंग दाल का टेस्टी सूप

इसके बाद तैयार पेस्ट को एक गिलास में निकालें। इसमें भुना जीरा पाउडर, काला नमक, काली मिर्च और एक चुटकी हींग मिलाएं। अब इसमें आधा कप गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस तरह आपका इमली-आंवला वाला देसी ड्रिंक तैयार हो जाएगा।

किस समय पीना चाहिए यह ड्रिंक

Desi ilaj के वीडियो में बताया गया है कि अगर दिनभर पेट भारी महसूस हो रहा है और कब्ज की परेशानी बनी हुई है, तो इस ड्रिंक को शाम 4 से 5 बजे के बीच धीरे-धीरे पिया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: रोज शराब पीने से कितने साल में खराब होता है लिवर? डॉक्टर ने बताई सच्चाई

ड्रिंक पीने के बाद खाने में क्या रखें

वीडियो में इस ड्रिंक के साथ रात के भोजन को हल्का रखने की सलाह दी गई है। इसके लिए मूंग दाल की खिचड़ी, लौकी, तोरी और मूंग दाल जैसी चीजों को डाइट में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। खाने में फल, सब्जियां, साबुत अनाज और फाइबर से भरपूर चीजों को शामिल करने से मल त्याग की प्रक्रिया बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। कब्ज के लिए बताए गए घरेलू नुस्खे चिकित्सकीय इलाज का विकल्प नहीं हैं। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Share: