Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडों से किए गए हमले में विनोद राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मऊ रेफर कर दिया।
मऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
पुरानी रंजिश में शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 की है। यहां रहने वाले विनोद राजभर और संजू देवी का शुभम वर्मा और उसके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता चला गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान विनोद राजभर और सुदर्शन राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल से मऊ रेफर हुए विनोद
मारपीट की घटना के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने विनोद राजभर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। परिजनों और अन्य लोगों की ओर से उन्हें मऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। विनोद की मौत से परिवार में मातम पसर गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बढ़ने लगी।
युवक की मौत के बाद हंगामा

विनोद राजभर की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और सहतवार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में अब्दुल्ला की मौत से बेसुध परिवार, घर में गूंज रही अपनों की चीखें; हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग
बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने पर बीजेपी विधायक केतकी सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि घटना में जो भी दोषी हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उपद्रवी लड़कों ने उत्पात मचाया है। जिसने भी यह घटना की है, वह किसी भी तरह बच नहीं पाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाई ने बताई मारपीट की पूरी बात
मृतक विनोद राजभर के भाई ने आरोप लगाया कि शुभम वर्मा समेत दो से चार लोगों ने उनके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
ये भी पढ़ें: चंद रुपयों के लिए बुझा दिया घर का चिराग: मुरादाबाद में 17 साल के अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या!
तीन टीमों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मामले में बांसडीह के सीओ जयशंकर मिश्र ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें मामले में नामजद और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










