UP Crime News: कासगंज के अशोक नगर इलाके में ट्यूबवेल की छत पर युवती का निर्वस्त्र शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी समीर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। आरोपियों ने युवती के पास मौजूद नकदी और सोने-चांदी के जेवर हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पैसे और जेवर बने हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी समीर को रुपयों की जरूरत थी। उसे जानकारी थी कि युवती के घर में कमेटी के करीब तीन लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर रखे हुए हैं। इसी लालच में उसने अपने साथियों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर युवती की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने तय किया था कि युवती घर से जो नकदी और जेवर लेकर आएगी, उसे आपस में बांट लेंगे।
आठ हजार रुपये से शुरू हुई कहानी
एसपी ओपी सिंह के अनुसार, पूछताछ में समीर ने बताया कि मृतका की पिछले तीन-चार साल से अरसद से दोस्ती थी। इसकी जानकारी होने के बाद समीर ने भी करीब दो-तीन महीने पहले युवती से दोस्ती कर ली थी। कुछ दिन पहले युवती ने समीर को आठ हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बाद समीर की नजर उसके घर में रखी नकदी और जेवर पर थी।
युवती को लेकर बनाया था प्लान
पुलिस के मुताबिक, युवती ने समीर को बताया था कि उसके घर में कमेटी के कुछ रुपये और जेवर उसकी मां के पास रखे हैं। उसने यह भी कहा था कि अगर समीर उसे अपने साथ ले जाएगा तो वह रुपये और जेवर लेकर उसे दे देगी। पुलिस का कहना है कि समीर ने इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उससे पीछा छुड़ाने और रुपये-जेवर हड़पने के लिए साथियों के साथ हत्या की साजिश रची।
घर से नकदी और जेवर लेकर पहुंची युवती
पुलिस के अनुसार, समीर के कहने पर युवती घर से 1,35,100 रुपये और सोने-चांदी के जेवर लेकर उसके पास पहुंची थी। इसके बाद समीर और उसके तीन साथी उसे फतेह सिंह के खेत के पास ले गए। पुलिस के मुताबिक, यहीं आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
दुपट्टे से दबाया गला, फिर काटी गर्दन

पुलिस के अनुसार, फतेह सिंह के खेत के पास युवती के गले में पड़े दुपट्टे से उसका गला दबाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद मुख्य आरोपी समीर ने चाकू से उसकी गर्दन काट दी। गंभीर चोट लगने के कारण युवती की मौत हो गई। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किए गए घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका का खुलासा किया है।
शव जलाकर मिटाना चाहते थे सबूत
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, उनकी योजना शव को जलाकर सबूत नष्ट करने की थी। इसी दौरान अचानक एक वाहन वहां से गुजरा और उसकी रोशनी आरोपियों पर पड़ी। इससे वे घबरा गए और शव को ट्यूबवेल की छत पर छोड़कर वहां से फरार हो गए।
कपड़े और चप्पल भी जला दिए
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवती के कपड़े और हवाई चप्पलें उतार दी थीं। जिस बैग में वह रुपये और जेवर लेकर आई थी, उसे भी आरोपी अपने साथ ले गए। इसके अलावा मोबाइल फोन से सिम निकाल लिया गया। पुलिस का कहना है कि बैग, कपड़े और चप्पलों को फतेह सिंह के खेत के पास पुरानी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लगाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने बरामद किया सामान
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात से जुड़े कई सामान बरामद किए गए हैं। इनमें युवती के कपड़े, चप्पल और अन्य वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने का दावा किया है।
ये भी पढ़ें: बिजनौर में महिला की चुनरी से गला रेतकर हत्या, शव के पास रोती मिली डेढ़ साल की बच्ची
ऐसे सामने आया पूरा मामला
कासगंज के अशोक नगर इलाके में ट्यूबवेल की छत पर युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया था कि मंगलवार देर रात उसकी बहन घर से लापता हो गई थी। घर से निकलने से पहले उसने कमरे में साथ सो रही अपनी बड़ी बहन को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया था।
बाहर से कुंडी लगाकर निकली थी युवती
परिजनों के मुताबिक, युवती ने कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी थी और घर में रखी नकदी व जेवर लेकर निकल गई थी। बुधवार तड़के करीब तीन बजे उसका भाई रोज की तरह सब्जी मंडी जाने के लिए उठा। इसी दौरान उसकी नजर कमरे की बाहर से लगी कुंडी पर पड़ी। कुंडी खोलकर अंदर देखने पर एक बहन अचेत अवस्था में मिली, जबकि दूसरी बहन घर से गायब थी।
रोके की रस्म के लिए रखे थे रुपये
परिवार के मुताबिक, युवती के बड़े भाई की शादी का रिश्ता तय होने वाला था और रोके की रस्म के लिए घर में करीब तीन लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवर रखे गए थे। घटना के बाद जब युवती घर से गायब मिली और नकदी-जेवर भी नहीं मिले तो परिजनों को मामले की गंभीरता का पता चला।
ये भी पढ़ें: बिजनौर में बिजली चोरी पकड़ने पर जेई की पिटाई: चेकिंग टीम के सामने चारपाई पर बैठाकर थप्पड़-घूंसे मारे!
चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रेमी समीर के साथ अमित, अरसद और अरसलान को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हत्या की साजिश, वारदात और साक्ष्य मिटाने की कोशिश से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..
















