UP Accident News: उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) किनारे अपने घर के बाहर आराम से बैठे एक परिवार पर तेज रफ्तार ट्रक काल बनकर टूट पड़ा। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम नातियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
झपकी बनी चार जिंदगियों के खत्म होने की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी। इसी वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सीधे घर के बाहर बैठे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद ट्रक आगे जाकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटने जैसी स्थिति में उतर गया।
ये भी पढ़ें: शादी के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन हुई फरार, सुहागरात का इंतजार करता रह गया दूल्हा; देवरिया में बड़ा खेल
घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे दादा-दादी और दो मासूम
यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुर्थिया चौराहे के पास सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय लालजी पुत्र गनपत अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे हुए थे। उनके साथ उनके दो नाती, 12 वर्षीय आदर्श पुत्र अनिल कुमार और 6 वर्षीय सत्यम पुत्र राजेश कुमार भी मौजूद थे। परिवार के लोग सामान्य दिन की तरह सुबह का समय बिता रहे थे, लेकिन कुछ ही सेकंड में सब कुछ बदल गया।
तेज रफ्तार ट्रक सीधे परिवार पर चढ़ गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक सड़क से नीचे उतर गया। किसी को समझने का मौका नहीं मिला और ट्रक सीधे चारपाई पर बैठे परिवार के ऊपर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग ट्रक के नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
ट्रक के नीचे फंसे शवों को निकालने में लगी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। ट्रक के नीचे फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस के पहुंचने तक चारों की मौत हो चुकी थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), कोतवाल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मैं उसी से शादी करूंगी… इतना सुनते ही भाई बना हैवान, पहले गला दबाया, फिर ब्लेड से काट डाला…
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और रिश्तेदार बड़ी संख्या में घर पहुंच रहे हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाईवे किनारे सुरक्षा व्यवस्था और स्पीड कंट्रोल के बेहतर इंतजाम होते तो शायद इतनी बड़ी दुर्घटना टाली जा सकती थी।
लगातार सड़क हादसे बढ़ा रहे चिंता
संतकबीर नगर का सड़क हादसा एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वाहन चालकों की पर्याप्त निगरानी, थकान की स्थिति में ड्राइविंग पर रोक और सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन ऐसे हादसों को काफी हद तक रोक सकता है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






