UP Crime News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने इस पूरी घटना को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की, लेकिन मृतक के गले पर पड़े एक निशान ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार यह घटना जौनपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र के भलुआही वार्ड नंबर आठ की है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय संदीप गौतम के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी पत्नी वंदना के अपने दूर के रिश्तेदार राजेश कुमार से लंबे समय से प्रेम संबंध थे। परिवार को इस संबंध की जानकारी थी और इसी वजह से घर में अक्सर विवाद भी होता रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी अवैध संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई।
दो सप्ताह से घर में रह रहा था प्रेमी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजेश कुमार पिछले करीब दो सप्ताह से संदीप के घर पर ही रह रहा था। वह गजाधरपुर गांव का रहने वाला है और वंदना का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। मृतक के पिता लालजी गौतम का आरोप है कि राजेश लगातार उनकी बहू से फोन पर बातचीत करता था और दोनों के बीच नजदीकियां लगातार बढ़ रही थीं।
ये भी पढ़ें: 12 राउंड फायरिंग, 4 गोलियां और खत्म हुआ ‘खूनी’ का आतंक… बागपत में STF की बड़ी कार्रवाई
शराब और मीट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, संदीप मजदूरी और पल्लेदारी का काम करता था। शुक्रवार को वह काम पर नहीं गया था। रात में उसने पत्नी से शराब और मीट खरीदने के लिए 500 रुपये मांगे, लेकिन इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बाद में संदीप ने खुद बक्से से रुपये निकालकर शराब और मीट खरीदा और घर आकर खाना बनाया। बताया जा रहा है कि खाने के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
देर रात रची गई मौत की साजिश

परिजनों के अनुसार रात करीब 11 बजे तक घर से झगड़े की आवाजें आती रहीं। इसके बाद अचानक सब कुछ शांत हो गया। आरोप है कि इसी दौरान वंदना ने अपने प्रेमी राजेश कुमार के साथ मिलकर गमछे से संदीप का गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने इसे प्राकृतिक मौत दिखाने की योजना बनाई।
सुबह गोबर से लिपाई कर मिटाने लगी सबूत
हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने सुबह ऐसा व्यवहार किया जैसे घर में कुछ हुआ ही न हो। उसने सबसे पहले घर और आंगन की गोबर से लिपाई-पुताई की। पुलिस का मानना है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि घटना से जुड़े संभावित सबूत नष्ट किए जा सकें। इसके बाद उसने अपने ससुर से कहा कि संदीप काफी देर से उठ नहीं रहे हैं और जाकर देखने को कहा।
गले के निशान ने खोल दी पूरी कहानी
जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो संदीप मृत अवस्था में मिला। पहले परिजनों को लगा कि उसकी सामान्य मौत हुई है और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई। लेकिन इसी दौरान पड़ोस की कुछ महिलाओं की नजर संदीप के गले पर पड़े गहरे निशानों पर गई। उन्होंने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद मृतक के पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पूछताछ में खुली साजिश
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई। मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी वंदना और उसके प्रेमी राजेश कुमार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया। पुलिस ने वंदना को गिरफ्तार कर लिया, जबकि राजेश की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें: बेरोजगार युवाओं के साथ हो रहा था खौफनाक खेल, अमरोहा पुलिस ने मारी रेड तो उड़ गए होश
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण की पुष्टि होगी। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस दर्दनाक घटना ने दो मासूम बच्चों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। मृतक संदीप की चार वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार का कहना है कि पहले ही बड़े बेटे की मौत का दुख झेल चुके इस परिवार पर अब एक और बड़ा संकट टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंधों को लेकर घर में लंबे समय से तनाव बना हुआ था, जिसका अंत इस भयावह हत्या के रूप में हुआ।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की भी संभावना है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






