Kanpur Bus Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिधनू थाना क्षेत्र में मझावन गांव के पास तेज रफ्तार डग्गामार बस ने बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम बेटों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्षीय आयुष और तीन वर्षीय पीयूष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता अमर बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दादा-दादी से मिलकर लौट रहे थे दोनों मासूम
जानकारी के मुताबिक, बिधनू क्षेत्र के भारू निवासी 32 वर्षीय अमर बहादुर अपने परिवार के साथ जहानाबाद स्थित ससुराल में रहते हैं। शनिवार सुबह वह अपने दोनों बेटों आयुष और पीयूष को लेकर अपने मूल गांव भारू पहुंचे थे। यहां दोनों बच्चे अपने दादा श्याम मनोहर और दादी सुंदरी से मिले। परिवार के साथ कुछ समय बिताने के बाद दोपहर में अमर बहादुर दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर वापस जहानाबाद लौट रहे थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटने का यह सफर परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन जाएगा।
मझावन गांव के पास हुआ भीषण हादसा
बताया जा रहा है कि अमर बहादुर बाइक से दोनों बच्चों को लेकर मझावन गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार डग्गामार बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता और दोनों मासूम बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार वर्षीय आयुष और तीन वर्षीय पीयूष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता अमर बहादुर की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बच्चों के इंतजार में बैठी थी मां लक्ष्मी
इधर, जहानाबाद स्थित अपने मायके में अमर बहादुर की पत्नी लक्ष्मी पति और दोनों बच्चों के लौटने का इंतजार कर रही थीं। उन्हें क्या पता था कि जिस परिवार के लौटने की राह वह देख रही हैं, वहां से अब कभी बच्चों की आवाज नहीं आएगी। हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मी की हालत बिगड़ गई। दो मासूम बेटों की मौत से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें: बिजली का पोल तोड़ छप्पर में घुसी कार, एक की मौत और पांच घायल
पुलिस ने बस और चालक को पकड़ा
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर रमईपुर के पास बस को चालक समेत पकड़ लिया। थाना प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दोनों बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने बस और चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










