Agra Accident News: उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार तड़के आगरा इनर रिंग रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से प्रयागराज जा रही यात्रियों से भरी एक बस रास्ता बंद करने के लिए सड़क पर डाले गए मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई। अचानक हुए इस हादसे में बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
चालक बस को नहीं कर सका नियंत्रित
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब चार बजे बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर प्रयागराज जा रही थी। इसी दौरान थाना एकता क्षेत्र में आगरा इनर रिंग रोड पर रास्ता बंद करने के लिए सड़क पर मिट्टी के ढेर डाले गए थे। बताया गया कि बस जब इस रास्ते से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई। अचानक बस के झटके के साथ रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
14 यात्री हुए दुर्घटना में घायल
बस में सवार यात्रियों को अचानक हुए हादसे का अंदाजा तक नहीं लगा। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार शुरू हो गई। हादसे में कुल 14 यात्रियों को चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
एसएन मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सभी 14 घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। घायलों में देवेंद्र यादव, लक्ष्मी, विकास, रिंकू, नीतेश, आरब, विनोद, दिनेश और विवेक कुमार शामिल हैं। ये सभी प्रयागराज के निवासी बताए गए हैं। हादसे में घायल अन्य यात्रियों को भी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया।
ये भी पढ़ें: कानपुर में बस ने उजाड़ दिया पिता का संसार, बाइक सवार दो मासूम बेटों की दर्दनाक मौत
पुलिस जुटा रही हादसे के कारणों की जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही थाना एकता क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क पर रास्ता बंद करने के लिए मिट्टी का ढेर किस वजह से डाला गया था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










