Ghaziabad Crime News in Hindi: यूपी के गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में सामने आए ऑनर किलिंग के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तीन दिन पहले ज्वार के खेत में मिली युवती की लाश की गुत्थी को गाजियाबाद पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस ने मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी बहन की प्रेम विवाह की जिद से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बहन का गला दबाया और फिर आरी के ब्लेड से उसका गला काटकर शव खेत में फेंक दिया।
ज्वार के खेत में मिला था युवती का शव
एसीपी प्रियाश्री पाल के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव स्थित किसान मनोज कुमार के ज्वार के खेत में करीब 22 वर्षीय युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव की हालत देखकर साफ था कि उसकी बेहद बेरहमी से हत्या की गई थी। युवती का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: 10 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, जानिए कैसे अमरोहा पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी भगोड़ा?
400 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वेव सिटी पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मोबाइल टावरों के बीटीएस डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग और सर्विलांस इनपुट के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। लगातार तीन दिन तक चली जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
झुग्गी से गिरफ्तार हुआ आरोपी भाई

पुलिस ने 26 जुलाई को आरोपी दीपक कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया। वह सिद्धार्थनगर जिले के बांसी थाना क्षेत्र के बंधवाताल गांव का रहने वाला है और दिल्ली-एनसीआर में पेंट एवं पीओपी का काम करता है। पुलिस ने उसे काजीपुरा में शराब के ठेके के पास बनी झुग्गी-झोपड़ी से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
‘मैं उसी लड़के से शादी करूंगी’ सुनकर खो बैठा आपा
पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि उसकी बहन रीमा का किसी युवक से प्रेम संबंध था। वह कई बार उसे उस युवक से बात करने और शादी की जिद छोड़ने के लिए समझा चुका था, लेकिन रीमा अपने फैसले पर अड़ी रही। 22 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। बहस के दौरान जब रीमा ने साफ कह दिया कि वह उसी युवक से शादी करेगी, तो गुस्से में आकर दीपक ने पहले उसका गला दबा दिया।
आरी के ब्लेड से रेता गला, फिर खेत में फेंका शव
गला दबाने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने पेंट और पीओपी के काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से बहन का गला काट दिया। हत्या के बाद उसने शव को ज्वार के खेत में ले जाकर फेंक दिया ताकि किसी को उस पर शक न हो। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: पत्नी से नाराज पति ने दांव पर लगा दी अपनी जान, औरैया में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जानिए फिर क्या हुआ
हत्या में इस्तेमाल ब्लेड भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ऑनर किलिंग के शक में दर्ज हुआ मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रेम विवाह की इच्छा रखने वाली युवती की हत्या उसके अपने ही भाई द्वारा किए जाने का खुलासा होने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब इस केस के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






