महीनों दर्द सहकर प्रेमी के लिए किन्नर से बनी लड़की, आगरा पहुंचते ही उड़े होश: निकला 2 बच्चों का बाप!

Agra News: शादी के वादे पर किन्नर ने कराई 3 लाख की सर्जरी, लेकिन बाद में प्रेमी के एक राज ने उसकी जिंदगी बदल दी। आगरा में FIR के बाद सामने आई पूरी कहानी जानिए।


September 9, 2026 by

Agra Transgender Woman Case: आगरा में 20 वर्षीय एक किन्नर के प्रेम, शादी के वादे और धोखे की कहानी सामने आई है। महिला का आरोप है कि प्रेमी ने शादी का भरोसा देकर उससे करीब 10 लाख रुपए लिए। इतना ही नहीं, शादी के बाद साथ रहने का वादा कर उसे जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने के लिए भी राजी किया। महिला के मुताबिक उसने कानपुर में करीब 3 लाख रुपए खर्च कर तीन सर्जरी कराईं और महीनों तक दर्द सहा। लेकिन सर्जरी के बाद प्रेमी शादी की बात से पीछे हट गया।

डेढ़ साल तक छिपाई शादी की बात

महिला के अनुसार, बाद में जब वह प्रेमी के घर शादी की बात करने पहुंची, तो उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का कहना है कि प्रेमी ने करीब डेढ़ साल तक उससे अपनी शादी की बात छिपाए रखी। अब सिकंदरा थाने में 2 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो साल की उम्र में मां को खोया

महिला ने बताया कि उसका जन्म आगरा के रामबाग में हुआ था। जब वह महज 2 साल की थी, तभी उसकी मां की मौत हो गई। जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने के फैसले का परिवार ने विरोध किया, जिसके बाद उसने परिवार से भी दूरी बना ली। वह लखनऊ में अपनी नानी के घर रहकर इवेंट में डांस करके अपना गुजारा करती थी।

गायत्री मोड़ पर हुई पहली मुलाकात

Agra Transgender Woman Case

महिला के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले शास्त्रीपुरम के गायत्री मोड़ पर उसकी मुलाकात सिकंदरा के लखनपुर गांव निवासी त्रिवेंद्र से हुई। वह आगरा में जूते की फैक्ट्री में काम करता था। महिला ने बताया कि एक साथी किन्नर ने उसकी मुलाकात त्रिवेंद्र से कराई थी। इसके बाद त्रिवेंद्र का लखनऊ स्थित नानी के घर भी आना-जाना शुरू हो गया और वह उसके रिश्तेदारों को भी जानने लगा।

ये भी पढ़ें: पुलिसवालों ने ही ज्वैलर की बाइक में रख दी स्मैक, शाहजहांपुर में 2 लाख की उगाही में 4 सस्पेंड

परिवार के सामने शादी का भरोसा

महिला का कहना है कि त्रिवेंद्र के साथ दोस्ती बढ़ने के बाद शादी की बात शुरू हुई। उसने कई बार परिवार के सामने भी शादी करने का भरोसा दिया। इसी भरोसे के चलते महिला लखनऊ छोड़कर आगरा आ गई। महिला के अनुसार, इसके बाद त्रिवेंद्र उसे बहलाकर होटल ले जाता था और वहां उसके साथ गलत काम करता था।

बुलेट बाइक के लिए दिए 4 लाख रुपए

महिला ने आरोप लगाया कि त्रिवेंद्र ने शादी के नाम पर उससे करीब 10 लाख रुपए लिए। इनमें करीब 4 लाख रुपए बुलेट बाइक के लिए दिए गए। इसके अलावा दीपावली पर डेढ़ लाख और रक्षाबंधन पर डेढ़ लाख रुपए देने की बात भी उसने कही। महिला के मुताबिक उसने कई बार नकद पैसे दिए, जबकि कुछ रकम UPI के जरिए भेजी गई।

दूसरों के खातों से भी भेजे पैसे

महिला ने बताया कि उसका अपना बैंक खाता नहीं है। इसलिए कई बार उसने दूसरे लोगों के जरिए त्रिवेंद्र को पैसे ट्रांसफर कराए। उसके पास कुछ लेन-देन की तस्वीरें और अन्य सबूत मौजूद हैं, जिन्हें उसने पुलिस को सौंप दिया है। इसके अलावा त्रिवेंद्र के साथ होटल, रेस्टोरेंट और घूमने की तस्वीरें भी पुलिस को दी गई हैं।

शादी के लिए सर्जरी कराने का भरोसा

महिला के मुताबिक, जब उसने त्रिवेंद्र से शादी की बात की, तो उसने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने के लिए कहा। त्रिवेंद्र ने उसे भरोसा दिलाया कि सर्जरी के बाद दोनों शादी कर लेंगे, क्योंकि फिलहाल समाज और परिवार उन्हें स्वीकार नहीं करेगा। उसके भरोसे में आकर महिला जनवरी में कानपुर गई और वहां एक अस्पताल में करीब 3 लाख रुपए खर्च कर तीन सर्जरी कराईं। महिला का कहना है कि उसने शादी की उम्मीद में महीनों तक सर्जरी के बाद होने वाला दर्द भी सहा।

सर्जरी के बाद बदल गया प्रेमी का व्यवहार

महिला का कहना है कि सर्जरी के बाद जब वह आगरा वापस आई और त्रिवेंद्र से शादी की बात की, तो उसका व्यवहार बदल गया। वह शादी की बात टालने लगा। इसके बाद महिला शादी की बात करने उसके घर पहुंची। वहीं उसे पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

परिवार से मिली धमकी

महिला ने बताया कि जब उसे त्रिवेंद्र की शादी और बच्चों के बारे में पता चला, तो उसके परिवार के लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा।

पुलिस खंगाल रही होटल और लेन-देन के सबूत

सिकंदरा पुलिस के अनुसार, महिला के पास कई होटलों से जुड़ी तस्वीरें हैं और वह पुलिस को उन जगहों के बारे में जानकारी दे रही है। पुलिस इन होटलों की जांच कर रही है। महिला की ओर से दिए गए फोटो और पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 2 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: 50 हजार की घूस लेते ही टीम ने दबोचा: मुरादाबाद में चकबंदी पेशकार गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप

अब इंसाफ की उम्मीद

महिला का कहना है कि प्रेमी पर भरोसा करके उसने सर्जरी कराई, पैसे दिए और शादी का सपना देखा था। लेकिन अब उसके पास न वह रिश्ता है, न शादी और न ही दिए गए पैसों की वापसी। FIR दर्ज होने के बाद उसे उम्मीद है कि पुलिस जांच के जरिए सच्चाई सामने आएगी और उसे इंसाफ मिलेगा।

Share: