Amroha News Hindi: अमरोहा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बछरायूं पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी सोनू पुत्र रामकुंवर को आज (26 जुलाई 2026) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अमरोहा जिले के बछरायूं थाना क्षेत्र के चौखट गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ अपहरण तथा पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
2016 के अपहरण मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2016 का है। पीड़िता के पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण के संबंध में थाना बछरायूं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 506, 368 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी सविता देवी के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी सोनू लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।
ये भी पढ़ें: आशिक के प्यार में अंधी पत्नी का खौफनाक खेल: पति को रास्ते से हटाया, कत्ल के मिटाए सबूत
कोर्ट ने जारी किए थे उद्घोषणा और कुर्की वारंट
लगातार फरार रहने के कारण वर्ष 2017 में माननीय न्यायालय ने आरोपी सोनू के खिलाफ उद्घोषणा और कुर्की वारंट जारी किए थे। इसके बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। बाद में पुलिस ने मफरूरी में भी उसके खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पहले उस पर 12 हजार का इनाम घोषित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 हजार कर दिया गया।
संयुक्त टीम ने ऐसे दबोचा आरोपी

थाना बछरायूं पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम वांछित एवं इनामी अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को आरोपी सोनू के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
पॉक्सो कोर्ट में चल रहा है मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम, अमरोहा की अदालत में एसटी संख्या 719/2021 के तहत मुकदमा विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब एक दशक से कानून से बचता फिर रहा था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: पत्नी से नाराज पति ने दांव पर लगा दी अपनी जान, औरैया में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जानिए फिर क्या हुआ
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी
अमरोहा पुलिस का कहना है कि जिले में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और फरार अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






