पत्नी से नाराज पति ने दांव पर लगा दी अपनी जान, औरैया में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जानिए फिर क्या हुआ

Auraiya News: औरैया में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक हाईटेंशन ग्रिड पोल पर चढ़ गया। कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और ससुराल पक्ष की समझाइश से वह सुरक्षित नीचे उतर आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


July 26, 2026 by

Auraiya News Today: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अटसू थाना क्षेत्र के नवले का पुरवा गांव में शनिवार रात एक पारिवारिक विवाद उस समय बड़े हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक आत्महत्या की बात कहते हुए हाईटेंशन ग्रिड लाइन के पोल पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों तक चले रेस्क्यू और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घर में विवाद के बाद बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार नवले का पुरवा गांव निवासी योगेंद्र कुमार अक्सर घर से बाहर रहकर काम करता था। उसकी पत्नी हेमलता अपने एक वर्षीय पुत्र गुल्लन के साथ परिवार में रहती है। हालांकि पिछले कई महीनों से योगेंद्र बाहर काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। शनिवार शाम किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद योगेंद्र घर से निकल गया और खेतों की ओर जाकर शराब पीने लगा।

हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया योगेंद्र

साले की समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतरा युवक

शराब पीने के बाद योगेंद्र देर शाम करीब आठ बजे खेत के बीच से गुजर रही हाईटेंशन ग्रिड लाइन के पोल पर चढ़ गया। शुरुआत में आसपास मौजूद लोगों को लगा कि वह मजाक कर रहा है और थोड़ी देर में खुद ही नीचे उतर आएगा। लेकिन समय बीतने के बावजूद जब वह नीचे नहीं उतरा तो ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।

घंटों चली ग्रामीणों की कोशिश रही बेअसर

गांव के लोगों ने रात करीब 11 बजे तक लगातार उसे समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। काफी प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर कुछ लोग वापस लौट गए। हालांकि मौके पर ग्रामीणों की भीड़ बनी रही और सभी युवक की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखाई दिए।

ये भी पढ़ें: आशिक के प्यार में अंधी पत्नी का खौफनाक खेल: पति को रास्ते से हटाया, कत्ल के मिटाए सबूत

यूपी-112 को सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

रात करीब सवा 11 बजे किसी ग्रामीण ने यूपी-112 पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही अटसू थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल विनोद कुमार राजपूत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया।

ससुराल पक्ष को बुलाने की रखी शर्त

पुलिस के समझाने पर युवक ने कहा कि यदि उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके पर आएंगे तभी वह नीचे उतरेगा। इसके बाद पुलिस ने इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम लुधियानी स्थित उसकी ससुराल में सूचना भेजी। युवक की इस शर्त को देखते हुए पुलिस ने ससुराल पक्ष से तत्काल संपर्क कर उन्हें घटनास्थल पर बुलाया।

साले की समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतरा युवक

पुलिस ने दी समझाइश

रविवार तड़के करीब डेढ़ बजे युवक का साला आलोक और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक योगेंद्र को समझाया और भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी। आखिरकार परिवार के समझाने पर वह हाईटेंशन पोल से सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें: 12 राउंड फायरिंग, 4 गोलियां और खत्म हुआ ‘खूनी’ का आतंक… बागपत में STF की बड़ी कार्रवाई

बारिश नहीं होने से टला बड़ा हादसा

घटना के दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि उस समय बारिश नहीं हो रही थी। यदि मौसम खराब होता या किसी कारणवश पोल में करंट आ जाता, तो यह घटना बेहद दर्दनाक हादसे में बदल सकती थी। समय रहते युवक के सुरक्षित नीचे उतर जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

पुलिस ने दी समझाइश, परिजन के साथ लौटा युवक

कोतवाल विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक पत्नी से हुए विवाद के कारण गुस्से में हाईटेंशन ग्रिड पोल पर चढ़ गया था। काफी समझाने और परिजनों के सहयोग से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में पुलिस ने युवक को समझाइश देकर उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया। पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि किसी भी पारिवारिक विवाद की स्थिति में इस तरह जान जोखिम में डालने के बजाय बातचीत और कानूनी सहायता का सहारा लें।

Share: