Fatehpur Gas Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर मलवां कस्बे में खाना बनाते समय एक मकान में आग लग गई। इसके कुछ ही देर बाद घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में तेज धमाका हुआ, जिससे फल विक्रेता सुरेश गुप्ता का दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के दो अन्य मकान भी जमींदोज हो गए, जबकि करीब 10 से 12 घरों को नुकसान पहुंचा।
चार बच्चों की दर्दनाक मौत
हादसे में सुरेश गुप्ता के बेटे कुनाल (19), भतीजे वेद (14), यश (8) और अर्पित (15) की मौत हो गई। विस्फोट के बाद मकान का मलबा चारों तरफ बिखर गया और परिवार के कई सदस्य उसमें दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सात लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया।
एक युवक 90 प्रतिशत झुलसा

हादसे में फल विक्रेता सुरेश गुप्ता (50) और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। सुरेश के भतीजे आलोक गुप्ता (23) की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वह करीब 90 प्रतिशत झुलस गया है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं, सात वर्षीय ओम और 23 वर्षीय शिवानी भी घायल हुए। शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गैस रिसाव की आशंका
मलवां कस्बे में रहने वाले सुरेश गुप्ता फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका मकान करीब 1000 वर्गफीट में बना हुआ था। परिवार में पत्नी पूजा देवी और बच्चों समेत सात सदस्य रहते थे। सोमवार शाम घर की महिलाएं खाना बना रही थीं। उस समय मकान में चार गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें दो खाली और दो भरे हुए थे।
चूल्हा जलाते ही भड़की आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में रखे किसी सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। खाना बनाने के लिए जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रसोई में आग लग गई। आग देखकर परिवार की महिलाएं चीखते हुए घर से बाहर भागीं और आसपास के लोगों को आवाज लगाई। इसी दौरान घर में रखे दो सिलेंडरों में तेज विस्फोट हो गया।
धमाके से ढह गया पूरा मकान

विस्फोट के बाद सुरेश गुप्ता का दो मंजिला मकान देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी में गैस रिसाव की आशंका जताई गई है, हालांकि विस्फोट की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
भूकंप जैसे झटके से दहला इलाका
मलवां कस्बे में हुए विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 200 मीटर दूर तक लोगों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। धमाके के कारण आसपास के मकानों की दीवारें और छतें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई घरों के लेंटर टूट गए, जबकि कुछ मकानों की बाउंड्रीवॉल भी गिर गईं।
पड़ोसियों के मकानों को भारी नुकसान
धमाके में सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह और प्रदीप सिंह के मकान पूरी तरह ढह गए। वहीं, अनमोल सिंह और रूपा सिंह के घरों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय महेश और प्रदीप के परिवार के सदस्य घरों के बाहर थे। इस वजह से इन मकानों में रहने वाले लोगों की जान बच गई।
ये भी पढ़ें: अंबेडकरनगर में तीन दोस्तों की बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत; दो घायल
10 से 12 मकानों में दरारें
स्थानीय निवासी नवीन शुक्ला के मुताबिक, सुरेश गुप्ता का मकान हाईवे से करीब 100 मीटर दूर एक संकरी गली में स्थित है। विस्फोट के बाद आसपास के 10 से 12 मकानों को नुकसान पहुंचा है। कई घरों की छतें और लेंटर टूट गए, जबकि करीब 200 मीटर दूर तक बाउंड्रीवॉल गिरने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बचाव अभियान में आई परेशानी
सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, हादसे वाले मकान तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा

पुलिस और फायर ब्रिगेड के करीब 16 कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। जेसीबी की सहायता से ढहे मकान के मलबे को हटाया गया और उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान सात लोगों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों के उपचार की जानकारी ली। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाश जारी रखने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें: कानपुर में जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
शाम 5:30 बजे मिली सूचना
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) को मलवां कस्बे में सिलेंडर फटने और दो मंजिला मकान ढहने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने बताया था कि विस्फोट के बाद कई लोग मलबे में दब गए हैं और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सात लोगों को मलबे से निकाला गया
सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया।
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
एसपी ने बताया कि एक घायल करीब 90 प्रतिशत से अधिक झुलसा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, अन्य घायलों की स्थिति के बारे में भी चिकित्सकों से जानकारी ली गई है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीमें जांच कर रही हैं। राहत एवं बचाव अभियान में एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है।
घायलों को भी मिलेगी आर्थिक मदद
फतेहपुर के मलवां में हुए सिलेंडर ब्लास्ट हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: संभल में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, 2 घंटे बाद अस्पताल में दम तोड़ा!
बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं, पुलिस और संबंधित जांच टीमें विस्फोट की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हैं।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..
















