कहीं आपका नाम भी तो नहीं? E-KYC नहीं कराई तो सब्सिडी बंद, सिलेंडर मिलेगा महंगे दाम में

Lucknow News: अगर आपने अभी तक घरेलू एलपीजी कनेक्शन की E-KYC नहीं कराई है, तो जल्द करा लें। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर आपको गैस सिलेंडर महंगे दाम पर खरीदना पड़ सकता है।


August 2, 2026 by

Lucknow News Today: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यदि आपने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं कराई है तो जल्द यह काम निपटा लें। तेल विपणन कंपनियों ने सभी गैस एजेंसियों को 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

लाखों उपभोक्ताओं पर असर पड़ने की संभावना

लखनऊ में करीब 12 लाख 5 हजार घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 3 लाख 75 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे सभी उपभोक्ताओं को 15 अगस्त से पहले अपनी ई-केवाईसी पूरी करनी होगी। जिन लोगों ने मार्च महीने में पहले ही ई-केवाईसी करा ली थी, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

ये भी पढ़ें: कांवड़ यात्रियों के लिए मुरादाबाद पुलिस का खास इंतजाम, 24 घंटे सेवा में तैनात रहेगी

979 रुपये की जगह चुकाने पड़ सकते हैं 2138 रुपये

वर्तमान में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 979.50 रुपये में उपलब्ध है। लेकिन यदि उपभोक्ता समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो उन्हें घरेलू सिलेंडर कमर्शियल दर पर मिल सकता है। ऐसी स्थिति में 14.2 किलो सिलेंडर के लिए लगभग 2138 रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं। यानी मौजूदा कीमत की तुलना में करीब 1158.50 रुपये अधिक भुगतान करना पड़ सकता है।

कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर के दाम में बड़ा अंतर

कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर के दाम में बड़ा अंतर

इस समय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए गैस की दर 68.98 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए यही दर 150.55 रुपये प्रति किलोग्राम है। यदि किसी घरेलू उपभोक्ता की ई-केवाईसी अधूरी रहती है तो उसे कमर्शियल दर से भुगतान करना पड़ सकता है, जिससे सिलेंडर की लागत काफी बढ़ जाएगी।

तेल कंपनियों ने जारी किए सख्त निर्देश

इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और भारत पेट्रोलियम जैसी तेल विपणन कंपनियों ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त तक प्रत्येक उपभोक्ता की ई-केवाईसी सुनिश्चित की जाए। गैस एजेंसियों के डिलीवरी कर्मचारियों को भी घर-घर जाकर ई-केवाईसी कराने की जिम्मेदारी दी गई है ताकि कोई उपभोक्ता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

इंडियन ऑयल ने दी जरूरी सलाह

इंडियन ऑयल के एलपीजी हेड विशाल भगत ने बताया कि घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिन लोगों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे 15 अगस्त से पहले इसे जरूर पूरा कर लें। अन्यथा उन्हें घरेलू सिलेंडर के लिए कमर्शियल दर का भुगतान करना पड़ सकता है।

घर बैठे भी पूरी कर सकते हैं ई-केवाईसी

उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की भी आवश्यकता नहीं है। वे अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।

  • इंडेन गैस उपभोक्ता IndianOil One App का उपयोग कर सकते हैं।
  • एचपी गैस उपभोक्ता HP Pay App से ई-केवाईसी कर सकते हैं।
  • भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL App के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉग इन करना होगा। इसके बाद ई-केवाईसी विकल्प चुनकर फेस रिकग्निशन के जरिए पहचान सत्यापित करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर एसएमएस के माध्यम से पुष्टि मिल जाएगी।

ये भी पढ़ें: बिजनौर में बाढ़ जैसे हालात: 6 गांवों में 3 फीट तक जलभराव, ट्रैक्टर-ट्रॉली से आवाजाही करने को मजबूर ग्रामीण

कमर्शियल सिलेंडर हुआ सस्ता, घरेलू कीमत में बदलाव नहीं

तेल विपणन कंपनियों ने इस महीने 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये की कटौती की है। लखनऊ में अब कमर्शियल सिलेंडर 2860 रुपये का हो गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 3052.50 रुपये थी। पिछले दो महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कुल 375.50 रुपये की कमी दर्ज की गई है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Share: