Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र से सामने आए एक दिल दहला देने वाले मामले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती और प्रेम-प्रसंग के चलते एक विवाहिता अपने छह माह के बेटे को साथ लेकर पति का घर छोड़कर प्रेमी के पास चली गई। इसके बाद मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और उसका शव मेरठ के सोहराब गेट क्षेत्र स्थित एक नाले से बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दवाई लेने के बहाने घर से निकली थी महिला

गंगोह थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर छन्नों निवासी इमरान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी छह माह के बेटे समीर को साथ लेकर गंगोह दवाई लेने की बात कहकर घर से निकली थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दस दिन तक तलाश के बाद दर्ज कराई गुमशुदगी
पत्नी और बेटे का कोई पता नहीं चलने पर इमरान लगातार रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करता रहा। कई दिनों तक खोजबीन के बावजूद जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो उसने 22 जुलाई को गंगोह थाने में पत्नी और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी, जबकि परिवार लगातार अलग-अलग स्थानों पर जानकारी जुटाने में लगा रहा।
ये भी पढ़ें: पुलिस हिरासत में सहारे से चला बच्ची का हत्यारा सिपाही, मेडिकल में बिना सहारे चलता दिखा
हापुड़ में प्रेमी के घर मिली पत्नी
तलाश के दौरान 26 जुलाई को इमरान को सूचना मिली कि उसकी पत्नी हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में रहने वाले विशाल नामक युवक के घर पर मौजूद है। वह तुरंत वहां पहुंचा और पत्नी को अपने साथ घर वापस ले आया। हालांकि, उसके साथ छह माह का बेटा समीर नहीं था। बेटे के बारे में पूछने पर महिला ने जो कहानी बताई, उसने पूरे परिवार को स्तब्ध कर दिया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की बातचीत
महिला ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत विशाल से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। इसी दौरान दोनों ने मिलने का फैसला किया। महिला के मुताबिक, 12 जुलाई को विशाल ने उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर बुलाया, जहां वह रात करीब 11:30 बजे उससे मिलने पहुंचा।
प्रेमी ने बच्चे को साथ रखने से किया इनकार
महिला के अनुसार, जब वह अपने छह माह के बेटे समीर को लेकर विशाल के पास पहुंची तो उसने साफ कह दिया कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। उसने महिला से कहा कि वह बच्चे को बस स्टैंड के पास रहने वाले अपने एक दोस्त के पास छोड़कर आता है। महिला ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई और प्रेमी को बच्चा सौंप दिया।
पांच मिनट बाद लौटकर कही झूठी बात
महिला ने पुलिस को बताया कि विशाल बच्चे को लेकर वहां से चला गया और करीब पांच मिनट बाद वापस लौटा। उसने कहा कि बच्चे को सुरक्षित अपने दोस्त के पास छोड़ आया है। इसके बाद वह महिला को अपने साथ हापुड़ स्थित अपने घर ले गया। महिला ने भी उसके कहने पर भरोसा कर लिया और बच्चे के बारे में दोबारा कोई सवाल नहीं किया।
नाले में मिला मासूम का शव
इमरान ने बताया कि 29 जुलाई को उसे जानकारी मिली कि 13 जुलाई को मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के सोहराब गेट के पास एक नाले से छह माह के बच्चे का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलने पर वह नौचंदी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे मिले शव की तस्वीर दिखाई। फोटो देखते ही उसने बच्चे की पहचान अपने बेटे समीर के रूप में कर ली। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें: ट्यूबवेल की हौदी में तैरता मिला युवक का शव, हत्या या हादसा? पुलिस जांच में जुटी
हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप
इमरान का आरोप है कि उसकी पत्नी के प्रेमी विशाल ने योजनाबद्ध तरीके से उसके मासूम बेटे की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं पुलिस महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जीरो एफआईआर दर्ज, मेरठ पुलिस करेगी जांच
इस पूरे मामले पर पुलिस ने बताया कि घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की है। गंगोह थाने में प्राप्त तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केस मेरठ के नौचंदी थाना पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब मेरठ पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






