Azamgarh Accident News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धुंध के बीच तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। फखरुद्दीनपुर गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में स्लीपर बस के चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना से कुछ मिनट पहले ही बस में बैठे एक यात्री ने चालक को तेज रफ्तार को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन उसने यात्री की बात अनसुनी कर दी।
110 की रफ्तार पर बस चला रहा था चालक
हादसे से पहले बस में सफर कर रहे एक यात्री ने चालक की लापरवाही को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। वीडियो में बस करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी। यात्री ने चालक से कहा कि धुंध के कारण जब रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है तो इतनी तेज गति से बस क्यों चला रहे हैं। इस पर चालक ने यात्री को डांटते हुए पीछे जाकर बैठने के लिए कह दिया। यात्री पीछे चला गया और कुछ ही देर बाद बस आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।
सात वाहनों की टक्कर से मची चीख-पुकार
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में दो ट्रक, ट्रेलर और स्लीपर बसों समेत सात वाहन आपस में टकरा गए। पुलिस के मुताबिक, पहले दो ट्रकों की टक्कर हुई थी। इसके बाद आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने रफ्तार कम कर दी। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ट्रेलर में घुस गई। इस दौरान दूसरी स्लीपर बस भी हादसे की चपेट में आने वाली थी, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस मोड़ दी। बस बैरिकेडिंग से टकरा गई और उसमें सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
हादसे में तीन लोगों की मौत, 14 घायल

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान दक्षिण दिल्ली के शाहीनबाग निवासी मोहम्मद फैसल खान (30), इटावा के मानिकपुर निवासी श्याम कुमार (37) और अंबेडकरनगर के हैदरपुर निवासी सतबीर राठौर (32) के रूप में हुई है। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में गाजीपुर, अमेठी, अंबेडकरनगर और मैनपुरी के निवासी शामिल हैं। पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मासूम नाविका के मन में बैठा हादसे का डर
इस दुर्घटना ने बच्चों के मन में भी गहरा डर पैदा कर दिया। बस में अपने माता-पिता और भाई के साथ सफर कर रही गाजीपुर की नाविका हादसे में बाल-बाल बच गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सक को देखकर मासूम ने कहा, ‘मेरे पास मत आना, नहीं तो इंजेक्शन लगाओगे।’ उसके इन शब्दों से हादसे के बाद बच्चों के मन में बैठी दहशत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: चालक को आई झपकी और पलट गई श्रद्धालुओं से भरी वैन, एक की मौत; 11 लोग घायल
80 की स्पीड लिमिट के बावजूद उठे सवाल
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यूपीडा ने पहले निर्धारित अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटे से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी थी। इसके बावजूद बस करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। वहीं, हादसे के बाद यूपीडा के अधिकारी मीडिया को मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी देने से बचते नजर आए।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










