Breaking News in Hindi: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर हुई इस मुठभेड़ में बिल्लू इंदौरिया गैंग का सदस्य और कुख्यात सुपारी किलर वाहिद अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चेकिंग के दौरान आमना-सामना
पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 नवंबर की मध्यरात्रि अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अहिरौली की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि देखते हुए बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोली से इंस्पेक्टर घायल

पुलिस के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इस दौरान अकबरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ वाहिद
फायरिंग के बाद दोनों बदमाश बाइक से शिवबाबा मैदान की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाना जारी रखा। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें गाजीपुर निवासी वाहिद अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ साथी
मुठभेड़ के दौरान वाहिद अंसारी का एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास संभावित रास्तों और इलाकों में उसकी तलाश की जा रही है।
मुठभेड़ में एसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी गोली

इस मुठभेड़ में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी सोनू यादव को गोली लगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। पुलिस के अनुसार, दोनों अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित रहे।
ये भी पढ़ें: सीएम के जाते ही भड़के कांग्रेस विधायक! माइक फेंका, कुर्सियां तोड़ीं, जौलजीबी मेले में मचा बवाल
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से तीन .32 बोर की पिस्टल, एक नौ एमएम कार्बाइन और सात .315 बोर के तमंचे बरामद किए हैं। इसके अलावा छह खोखा कारतूस और 24 जीवित कारतूस भी मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक भी बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल बदमाशों ने वारदात के दौरान किया था।
अकबरपुर कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 651/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है। मुठभेड़ से जुड़े बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा: पुल से नीचे पानी में समाई यात्रियों से भरी बस, 6 लोगों की मौत, 20 घायल
छह जिलों में दर्ज थे वाहिद के खिलाफ 35 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारा गया वाहिद अंसारी पुत्र अबु बकर गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के छह जिलों में कुल 35 मुकदमे दर्ज थे। इनमें आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और चंदौली शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज थे।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










