Akhilesh Yadav News Yoday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवान श्रीराम और श्रीहनुमान का स्वरूप धारण करने वाले कलाकारों को 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देकर एक नया राजनीतिक संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कोई चंदा नहीं, बल्कि भगवान को चढ़ाया गया चढ़ावा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह राशि सीधे भगवान के स्वरूप में मौजूद कलाकारों को दी जा रही है ताकि बीच में कोई इसे “चंपत” न कर सके। अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने लोगों से अपील की कि मंदिरों की दानपेटी में पैसा डालने के बजाय जरूरतमंद लोगों की सीधे मदद करें, क्योंकि वही सबसे बड़ा पुण्य है।
बीजेपी पर कलाकारों के राजनीतिक इस्तेमाल का लगाया आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी पर कलाकारों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे के दौरान भगवान हनुमान का स्वरूप धारण किए एक कलाकार से राजनीतिक कार्यक्रम में नृत्य कराया गया।
उनका कहना था कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अखिलेश ने स्पष्ट किया कि उस कलाकार की कोई गलती नहीं है, क्योंकि आर्थिक तंगी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण कलाकारों को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
भाजपा कलाकारों को केवल प्रचार का माध्यम मानती है
ये भी पढ़ें: प्रदेशभर में सक्रिय हुए सीएम योगी, 18 मंडलों के दौरे से चुनावी अभियान को दी रफ्तार
सपा प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सोच कलाकारों, साहित्यकारों और रचनात्मक लोगों के प्रति सकारात्मक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए कलाकारों का इस्तेमाल करती है और उन्हें स्वतंत्र रूप से अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर नहीं देती।
उन्होंने कहा कि समाज में साहित्यकार, ईमानदार पत्रकार और कलाकार सकारात्मक बदलाव लाने की ताकत रखते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार उनकी अभिव्यक्ति को सीमित करना चाहती है। समाजवादी पार्टी ऐसे कलाकारों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी, जो आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
प्रतिभाओं को हर महीने मिलेगा सम्मान- अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav)

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने घोषणा करते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी को फिर से सरकार बनाने का अवसर मिलता है तो ‘यश भारती सम्मान’ योजना दोबारा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साहित्य, कला, संगीत, रंगमंच और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को आजीवन सम्मान दिया जाएगा। इसके तहत चयनित प्रतिभाओं को प्रतिमाह एक लाख रुपये की सम्मान राशि देने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कलाकारों और रचनाकारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके और वे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुनियोजित तरीके से सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर रही है, जिससे गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि सरकारी स्कूल बंद होने का सबसे अधिक असर उन परिवारों पर पड़ रहा है जो निजी स्कूलों की फीस वहन करने में सक्षम नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: संभल सांसद बर्क बोले- मंदिर चंदा चोरी पर संसद में हो बहस, धर्म की राजनीति छोड़ जनता के मुद्दों पर ध्यान दे सरकार
आंकड़ों के जरिए सरकार को घेरा
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने दावा किया कि प्रदेश में सबसे अधिक 758 प्राथमिक विद्यालय लखीमपुर खीरी में बंद किए गए हैं। इसके अलावा सीतापुर में 650, प्रयागराज में 638 और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में करीब 500 प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 1 करोड़ 17 लाख विद्यार्थी पढ़ते थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर करीब 89 लाख रह गई है। उनके अनुसार इस कमी में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लगभग 25 लाख बच्चों की संख्या शामिल है, जो शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सहायता राशि पर तेज हुई सियासी चर्चा
भगवान राम और हनुमान का स्वरूप धारण करने वाले कलाकारों को 51-51 हजार रुपये देने के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। एक ओर समाजवादी पार्टी इसे कलाकारों के सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता का कदम बता रही है, वहीं भाजपा इस मुद्दे पर लगातार सपा पर सवाल उठा रही है।
ऐसे में यह मामला अब केवल कलाकारों की आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में धार्मिक आस्था, कलाकारों के सम्मान और राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






