Meerut Crime News in Hindi: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसी हरकत की, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आरोप है कि महिला ने देर रात अपने प्रेमी को घर बुलाया।
जब उसके दोनों मासूम बेटों ने घर में मौजूद अनजान युवक का विरोध किया और पिता को जानकारी देने की बात कही, तो महिला और उसके प्रेमी ने बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर उन्हें पूरी रात बाथरूम में बंद कर दिया। यह मामला तब सामने आया जब दुबई में नौकरी कर रहे पिता को बच्चों का फोन पहुंचा और उन्होंने तत्काल पुलिस व रिश्तेदारों को सूचना दी।
प्रेमी को घर बुलाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मेरठ की एक कॉलोनी निवासी सलाउद्दीन रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। उनके घर पर पत्नी आसमा अपने दो बेटों के साथ रहती है। बड़ा बेटा करीब 10 वर्ष और छोटा बेटा 8 वर्ष का है। बताया जा रहा है कि आसमा का पड़ोस में रहने वाले सरफराज नामक युवक से प्रेम संबंध था।
गुरुवार देर रात सरफराज महिला के घर पहुंचा। दोनों बच्चे जाग रहे थे और उन्होंने घर में एक अनजान युवक को देखकर विरोध किया। बच्चों ने अपनी मां से कहा कि वे इस बारे में अपने पिता को बताएंगे। यही बात महिला और उसके प्रेमी को नागवार गुजरी।
बच्चों को पीटकर बाथरूम में किया बंद
आरोप है कि बच्चों के विरोध करने पर महिला और उसके प्रेमी ने पहले दोनों बच्चों की पिटाई की। इसके बाद रात करीब दो बजे दोनों मासूमों को घर के बाथरूम में बंद कर दिया गया। बच्चों को लगभग आठ घंटे तक वहीं कैद रखा गया।
बड़ा बेटा अपने पास मौजूद मोबाइल फोन से लगातार पिता को कॉल करने की कोशिश करता रहा, लेकिन रात में संपर्क नहीं हो सका। दोनों बच्चे पूरी रात बाथरूम में बंद रहे और मदद का इंतजार करते रहे।
दुबई में बैठे पिता को सुबह मिला फोन
सुबह करीब आठ बजे बड़े बेटे की कॉल आखिरकार उसके पिता सलाउद्दीन से जुड़ गई। बेटे ने रोते हुए पूरी घटना बताई कि उन्हें रातभर बाथरूम में बंद रखा गया है और घर में मां के साथ एक युवक मौजूद है।
बेटे की बात सुनते ही सलाउद्दीन घबरा गए। उन्होंने तुरंत मेरठ पुलिस को फोन कर मदद मांगी। साथ ही फलावदा में रहने वाले अपने रिश्तेदार जमालुद्दीन और अन्य परिजनों को भी तत्काल घर पहुंचने के लिए कहा।
ये भी पढ़ें: प्रेमी के चक्कर में महिला ने पति को दिया धोखा, 6 महीने के बच्चे को नाले में बहाकर हुई फरार
रिश्तेदार पहुंचे तो बेड के अंदर छिपा मिला प्रेमी
सूचना मिलने के बाद जमालुद्दीन अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बाथरूम में बंद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद पूरे घर की तलाशी शुरू की गई।
तलाशी के दौरान महिला का प्रेमी सरफराज बेड के अंदर छिपा हुआ मिला। परिजनों ने उसे बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया गया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
दोनों पक्षों में जमकर हुआ हंगामा
प्रेमी के पकड़े जाने के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच महिला ने अपने प्रेमी के परिजनों को भी बुला लिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि सरफराज के एक परिजन ने तमंचा दिखाकर मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की। इस झड़प में सलाउद्दीन का भतीजा उम्मैद समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भेजा।
महिला, प्रेमी और अन्य आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पुलिस बच्चों और उनके परिजनों को थाने ले गई। सलाउद्दीन की ओर से उनके रिश्तेदारों ने महिला आसमा, उसके प्रेमी सरफराज और उसके कुछ परिजनों के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मथुरा में दर्दनाक हादसा: यात्रियों से भरी दो बसें टकराईं, NH-19 पर गूंजीं चीखें, 13 लोग घायल
पुलिस ने कही यह बात
पुलिस ने बताया कि महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दोनों बच्चों को रातभर बाथरूम में बंद रखा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






