CM Yogi Mother Death News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई बड़े नेताओं ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।
लंबे समय से चल रही थीं बीमार

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सावित्री देवी ने पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं। वहीं, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना जताई गई है।
सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
एमपी के मुख्यमंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। जीवन में मां का स्थान कोई नहीं ले सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
राजनाथ सिंह ने व्यक्त की शोक संवेदना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सावित्री देवी के निधन पर लखनऊ में आयोजित महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास की बैठक में भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने परिवार को दी सांत्वना
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा विश्वनाथ से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
ये भी पढ़ें: दोस्त की शादी में खुशियां बांटने जा रहे थे 5 युवक, रास्ते में मिली दर्दनाक मौत; 8 परिवारों में मातम
सावित्री देवी के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश समेत देशभर में शोक का माहौल है। कई राजनीतिक हस्तियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी है।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










