Budaun Crime News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में 47 वर्षीय महिला नियाज बानो और उनके 8 वर्षीय धेवते आफाक की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर बिस्तर पर पड़े मिले।
मृतका के कानों से सोने के कुंडल गायब होने और दोनों के गले पर निशान मिलने से लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घर के अंदर मिला नानी और मासूम का शव
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही घर में दो लोगों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। मृतकों की पहचान 47 वर्षीय नियाज बानो और उनके 8 वर्षीय धेवते आफाक के रूप में हुई है। दोनों शुक्रवार रात घर में सोए थे, लेकिन सुबह उनकी हत्या का पता चला। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के गले पर निशान दिखाई दे रहे थे। वहीं, नियाज बानो के कानों से सोने के कुंडल भी गायब थे। इस वजह से वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
मां और बेटे को चाय देने पहुंची बेटी
परिजनों के मुताबिक, नियाज बानो के पति बंद हसन की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी बेटी हिना की शादी गांव के ही आरिफ से हुई है। शुक्रवार रात नियाज बानो अपने 8 वर्षीय धेवते आफाक के साथ घर में सोई थीं। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हिना अपनी मां और बेटे को चाय देने के लिए उनके घर पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर चली गईं। जब वह कमरे में पहुंचीं तो बिस्तर पर मां और बेटे के शव पड़े देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद हिना की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

दो लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस के साथ सीओ और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर बारीकी से जांच करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति, मृतकों के शरीर पर मिले निशानों और घर में मौजूद सामान की जांच की है। साथ ही मृतका के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
लूटपाट या पुरानी रंजिश
वारदात के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नानी और उनके मासूम धेवते की हत्या किसने और क्यों की? ग्रामीणों के मुताबिक, नियाज बानो के कानों से सोने के कुंडल गायब थे। वहीं, दोनों के गले पर निशान भी मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से घर में घुसकर दोनों की हत्या की होगी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक, लूटपाट के साथ-साथ आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच में शामिल किया गया है।
वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया। खोजी कुत्ते की मदद से आसपास के इलाके में छानबीन की गई। पुलिस अधिकारियों के साथ खोजी कुत्ता काफी दूर तक गया और बाद में खेतों की तरफ जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र और घटनास्थल से जुड़े अन्य संभावित बिंदुओं पर जांच की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए होंगे।
ये भी पढ़ें: भतीजे को जेल भेजने की धमकी देकर मांगे 5 लाख, बिजनौर में दारोगा समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड!
एसपी सिटी बोले- सभी पहलुओं पर हो रही जांच
पुलिस ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। वारदात के पीछे लूटपाट की मंशा थी या कोई अन्य रंजिश, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतकों के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही शुक्रवार रात घर के आसपास आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा जोर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने पर है।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










