Moradabad Abdullah Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 17 वर्षीय अब्दुल्ला हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मझोला पुलिस ने बुधवार (11 नवंबर) को पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मोहसिन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध हथियार, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद पिस्टल का इस्तेमाल अब्दुल्ला की हत्या में किया गया था।
स्प्रिंगफील्ड चौराहे के पास हुई पुलिस मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को थाना मझोला पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना स्प्रिंगफील्ड चौराहे के पास आरोपी मोहसिन चौधरी से हो गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने 315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहसिन घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अब्दुल्ला हत्याकांड में दो आरोपी थे नामजद
दरअसल, मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित एमडीए ऑफिस के सामने महफिल चाय ढाबे पर 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे 17 वर्षीय अब्दुल्ला को गोली मार दी गई थी। मृतक के पिता शाकिर निवासी मोहल्ला मुल्लानो वाला, पाकबड़ा ने पुलिस को दी गई तहरीर में मोहसिन चौधरी पुत्र नन्हे निवासी नियामतपुर और सरताज चौधरी पुत्र पप्पी चौधरी निवासी चमरोआ, थाना मूंढापांडे को नामजद किया था। परिजनों के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अब्दुल्ला को अवैध हथियार से गोली मारी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एक आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

अब्दुल्ला की हत्या के मामले में थाना मझोला पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 1240/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में नामजद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को आरोपी सरताज चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, अब 11 नवंबर को दूसरे नामजद आरोपी मोहसिन चौधरी को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या में इस्तेमाल पिस्टल समेत दो हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। इसके अलावा एक 32 बोर की पिस्टल और उसके दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अब्दुल्ला की हत्या में इसी बरामद 32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।
पैसों के तकादे को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मोहसिन ने बताया कि 8 नवंबर की रात वह अपने साथी सरताज चौधरी के साथ महफिल चाय ढाबे पर गया था। वहां पैसों के तकादे को लेकर नाराजगी के चलते दोनों ने अब्दुल्ला को गोली मार दी थी। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह और सरताज सूखा नशा करने के आदी हैं और इसी वजह से ढाबे पर पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें: शेयर मार्केट में गंवाए 5 लाख, फिर 20 लाख लूटने पहुंचा बीटेक छात्र; एक गलती से खुला राज
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मोहसिन चौधरी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुरादाबाद के अलग-अलग थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
- मु0अ0सं0 1240/2026 – धारा 103(1), 3(5) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट, थाना मझोला।
- मु0अ0सं0 1252/2026 – धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट, थाना मझोला।
- मु0अ0सं0 0577/2025 – धारा 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना कटघर।
- मु0अ0सं0 213/2025 – धारा 125(a), 351(2), 352 बीएनएस, थाना मूंढापांडे।
- मु0अ0सं0 292/2024 – धारा 127(2), 308(2), 351(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना नागफनी।
ये भी पढ़ें: अब्दुल्ला हत्याकांड में सरताज चौधरी भेजा गया जेल
मुठभेड़ में शामिल रही मझोला पुलिस और एसओजी की टीम
मोहसिन चौधरी की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थाना मझोला पुलिस के साथ एसओजी टीम भी शामिल रही। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने किया। इसके अलावा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक सलीम मलिक, योगेन्द्र कुमार शर्मा, विनीत खैवाल, धर्मेन्द्र कुमार, अर्जुन प्रभाकर समेत अन्य पुलिसकर्मी कार्रवाई में शामिल रहे।

Sunny Singh, UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर के दौरान India Update 24 और Hind 24 में भी काम किया है। वर्तमान में वे UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट तैयार करते हैं। Read More..










