Moradabad News in Hindi: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित रानी नांगल गांव में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कपड़ों से भरे गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक करीब 30 गोदाम इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते पूरे इलाके में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। आग की भयावह तस्वीरों ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
कपड़ों के भारी स्टॉक ने बढ़ाई आग की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले एक गोदाम में लगी थी। गोदामों में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं और ज्वलनशील सामान की वजह से आग तेजी से आसपास के गोदामों तक पहुंच गई। कुछ ही समय में पूरा गोदाम परिसर आग की लपटों से घिर गया। ग्रामीणों ने पानी की बाल्टियों और स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. राजीव कुमार पांडे भी घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। आग की भयावहता को देखते हुए मुरादाबाद के अलावा आसपास के जनपदों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया।
10 फायर टेंडरों ने पूरी रात किया ऑपरेशन
मुरादाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के आधिकारिक बयान के अनुसार, रानी नांगल गांव में कपड़ों के गोदामों में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए मुरादाबाद सहित अन्य जनपदों से कुल 10 फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। फायरकर्मियों ने घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पूरी रात चले इस अभियान के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: जौहर यूनिवर्सिटी पर सियासी संग्राम तेज: ध्वस्तीकरण रोकने की मांग, सपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
आसपास के मकानों तक पहुंचा खतरा
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास स्थित कई मकान भी इसकी चपेट में आने की आशंका पैदा हो गई। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ग्रामीण अपने घरों और सामान को बचाने के लिए पूरी रात जुटे रहे। समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
नुकसान का आकलन जारी

गोदाम संचालकों के अनुसार, आग में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक जल गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का अभी आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित गोदामों का सर्वे कर नुकसान का आंकलन करने में जुटे हैं।
ये भी पढ़ें: हम अलग नहीं होना चाहते… अमरोहा की 3 बहनों ने एक ही युवक से रचाई शादी
ग्रामीणों ने सुनाई आग की भयावह कहानी
ग्रामीणों ने बताया कि आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया था। ग्रामीणों ने अपनी ओर से हरसंभव प्रयास किए, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। वहीं स्थानीय निवासी ने बताया कि आग लगते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई थी। लोग अपने परिवार और घरों को सुरक्षित बचाने के लिए पूरी रात संघर्ष करते रहे।
आग के कारणों की होगी विस्तृत जांच
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर भेज दी गई थीं। कई फायर वाहनों और दमकल कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






