Arjun Sharma Arrested: अमेरिका के मैरीलैंड में अपनी दोस्त निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी अर्जुन शर्मा को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका में हत्या के बाद भारत पहुंचे अर्जुन ने आगरा के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट को अपना ठिकाना बनाया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वह करीब 15 दिन से अपनी मां के साथ इसी फ्लैट में रह रहा था। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन सामने आने के बाद तेलंगाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
इंटरपोल नोटिस के बाद तेज हुई तलाश
मूलरूप से चेन्नई निवासी अर्जुन शर्मा के खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी किया गया था। इसके अलावा नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे। तेलंगाना पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस की जांच में उसकी लोकेशन आगरा में सामने आई, जिसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, पैसों को लेकर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा और निकिता गोडिशाला एक-दूसरे को जानते थे और दोनों ने एक ही कंपनी में काम किया था। दोनों के बीच दोस्ती थी। बाद में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई। इसी विवाद के बीच 31 दिसंबर 2025 की रात निकिता की हत्या किए जाने का आरोप अर्जुन पर लगा।
नए साल की पार्टी के बहाने फ्लैट पर बुलाया
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, अर्जुन ने निकिता को वर्ष 2026 के स्वागत की पार्टी के लिए अपने फ्लैट पर बुलाया था। बताया जाता है कि अर्जुन ने पहले निकिता को कुछ डॉलर दिए थे और बाद में वह रकम वापस मांग रहा था। निकिता ने इस दौरान अपनी चचेरी बहन सरस्वती को फोन किया था। आरोप है कि रकम को लेकर बातचीत के बाद भी निकिता ने अर्जुन को रुपये ट्रांसफर नहीं किए।
मोबाइल से बैंक खाते में हुआ ट्रांसफर
मामले में सबसे महत्वपूर्ण सुराग निकिता के बैंक खाते और मोबाइल फोन से जुड़ी गतिविधियों से मिला। जांच एजेंसी के मुताबिक, निकिता के खाते से रकम अर्जुन के खाते में ट्रांसफर की गई थी। खास बात यह थी कि जिस समय के बारे में अर्जुन ने निकिता के फ्लैट से चले जाने की जानकारी दी थी, उसके करीब एक घंटे बाद निकिता के मोबाइल फोन से अर्जुन के बैंक खाते में डॉलर ट्रांसफर हुए थे। इस अंतर ने अमेरिकी जांच एजेंसी का शक और गहरा कर दिया।
ये भी पढ़ें: 7 लाख सब्सक्राइबर वाली यूपी की यूट्यूबर की दर्दनाक मौत, ट्रक में घुसी कार; मां भी नहीं बच सकीं
हत्या के बाद खुद दर्ज कराई गुमशुदगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद अर्जुन ने अमेरिका के हॉवर्ड काउंटी पुलिस थाने में निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि निकिता सुबह करीब सात बजे उसके फ्लैट से चली गई थी। हालांकि, बाद की जांच में सामने आए मोबाइल और बैंक ट्रांजैक्शन से पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ और जांच का दायरा अर्जुन तक पहुंच गया।
अमेरिका से भारत भाग आया था अर्जुन
निकिता की हत्या के बाद अर्जुन अमेरिका से भारत आ गया था। अमेरिकी एजेंसियों की जांच और उसके खिलाफ जारी इंटरपोल नोटिस के बाद भारतीय एजेंसियों के स्तर पर भी उसकी तलाश तेज कर दी गई। आखिरकार सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन आगरा में ट्रेस हुई। जांच में पता चला कि वह अपनी मां के साथ कहरई इलाके के शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में रह रहा था।
दो साल से आगरा में रह रही थी मां

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन की मां पिछले करीब दो साल से आगरा के शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में रह रही थीं। इसी वजह से अमेरिका से भारत आने के बाद अर्जुन ने भी आगरा में मां के पास रहने का फैसला किया। पुलिस के अनुसार, वह करीब 15 दिन तक इसी फ्लैट में रहा और इस दौरान वह किसी नौकरी या कारोबार में सक्रिय नहीं था।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर है अर्जुन शर्मा
अर्जुन शर्मा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया गया है। उसने चेन्नई के गोपालापुरम स्थित डीएवी स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उसने एसआरएम यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। वर्ष 2021-22 में वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गया था।
ये भी पढ़ें: प्रेमी संग गन्ने के खेत में थी बेटी, पिता ने देखा तो आपा खोया… हसिया से गला काटकर की हत्या!
2023 में मिली थी नौकरी
अमेरिका पहुंचने के बाद अर्जुन ने वाशिंगटन डीसी और बाल्टीमोर क्षेत्र में प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग में परास्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद वर्ष 2023 में उसे अमेरिका में नौकरी मिल गई। पुलिस के मुताबिक, वह करीब ढाई साल से अमेरिका में रह रहा था। अब निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आया है।
एक घंटे के अंतर ने खोला राज

पूरे मामले में निकिता के मोबाइल फोन और बैंक खाते की गतिविधियां जांच एजेंसियों के लिए अहम साबित हुईं। अर्जुन ने निकिता के फ्लैट से सुबह करीब सात बजे चले जाने की बात बताई थी, लेकिन उसके बाद मोबाइल से उसके बैंक खाते में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। इसी विरोधाभास ने जांचकर्ताओं को अर्जुन की भूमिका पर गंभीरता से गौर करने के लिए मजबूर किया।
ये भी पढ़ें: चलती कार, गला घोंटा और फिर ईंट… बेटे की चाहत में मेरठ में दूसरी पत्नी के खौफनाक कत्ल की पूरी कहानी
अमेरिकी केस का आरोपी यूपी में मिला
अमेरिका में हुई हत्या के बाद फरार चल रहे अर्जुन शर्मा का आगरा में पकड़ा जाना इस मामले का सबसे बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। इंटरपोल नोटिस, गैर-जमानती वारंट और सर्विलांस के आधार पर तेलंगाना पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। अब गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी ने किस तरह अमेरिका से भारत पहुंचने और आगरा में छिपकर रहने की योजना बनाई।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।












