7 लाख सब्सक्राइबर वाली यूपी की यूट्यूबर की दर्दनाक मौत, ट्रक में घुसी कार; मां भी नहीं बच सकीं

Hathras Accident: हाथरस की 23 वर्षीय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय परिवार संग उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रही थीं। आगर मालवा में उनकी कार ट्रक से टकरा गई, हादसे में छवि और उनकी मां की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हैं।


August 26, 2026 by

UP YouTuber Chhavi Varshney Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए कार से निकला था, लेकिन मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में मां-बेटी ने जान गंवा दी, जबकि छवि के पिता समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह करीब 6 बजे टकराई कार

परिवार सोमवार देर रात हाथरस से उज्जैन के लिए रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

कार में सवार थे पांच लोग

हादसे के समय कार में कुल पांच लोग मौजूद थे। इनमें छवि वार्ष्णेय, उनकी मां सारिका, पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर सचिन शामिल थे। दुर्घटना के बाद छवि और उनकी मां को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मां को कार से निकालने में लगी मशक्कत

हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। छवि की मां सारिका कार में बुरी तरह फंस गई थीं, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित किया

UP YouTuber Chhavi Varshney Accident

एंबुलेंस से छवि और उनकी मां सारिका को सीएचसी बड़ौद लाया गया। यहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं छवि के पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर सचिन गंभीर रूप से घायल मिले। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ौद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से हादसे के बारे में जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अर्टिगा चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: चलती कार, गला घोंटा और फिर ईंट… बेटे की चाहत में मेरठ में दूसरी पत्नी के खौफनाक कत्ल की पूरी कहानी

हाथरस के महौखास गांव का परिवार

छवि वार्ष्णेय हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौखास गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता श्यामलाल की उम्र 54 वर्ष है और वह किराना स्टोर चलाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी सारिका, बेटी छवि और बेटा कान्हा थे। परिवार के लोग धार्मिक यात्रा के लिए उज्जैन जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

बचपन से कुछ अलग करने का जुनून

छवि के चेचेरे भाई सचिन ने बताया कि वह बचपन से ही प्रतिभाशाली थीं। उन्होंने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की थी और पढ़ाई में भी हमेशा अच्छा प्रदर्शन करती थीं। परिवार के मुताबिक, छवि में शुरुआत से ही कुछ अलग करने और अपने दम पर आगे बढ़ने का जुनून था।

2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनल

छवि ने साल 2021 में यूट्यूब पर अपना चैनल शुरू किया था। शुरुआत में वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े व्लॉग और दूसरे वीडियो बनाती थीं। धीरे-धीरे उनके वीडियो दर्शकों को पसंद आने लगे और उनकी सोशल मीडिया पर पहचान बढ़ने लगी। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो भी बनाना शुरू किया।

लाखों लोगों तक पहुंची छवि की पहचान

कुछ ही वर्षों में छवि ने यूट्यूब पर बड़ी संख्या में दर्शक जोड़ लिए थे। उनके चैनल पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर बताए जा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर भी उनके 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। लाइफस्टाइल, मोटिवेशन और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए उन्होंने बड़ी सोशल मीडिया ऑडियंस बनाई थी।

ये भी पढ़ें: प्रेमी संग गन्ने के खेत में थी बेटी, पिता ने देखा तो आपा खोया… हसिया से गला काटकर की हत्या!

परिवार ने हर कदम पर दिया साथ

छवि की सोशल मीडिया यात्रा में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। परिजनों के अनुसार, परिवार ने उन्हें अपने सपनों को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया। छवि लगातार नए तरह के वीडियो बनाकर अपनी पहचान मजबूत कर रही थीं और सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही थी।

खुशियों की यात्रा मातम में बदली

परिवार उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए निकला था। सफर शुरू करते समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि कुछ घंटे बाद परिवार पर इतनी बड़ी त्रासदी टूट पड़ेगी। सड़क हादसे में छवि और उनकी मां की मौत की खबर के बाद हाथरस के महौखास गांव में शोक का माहौल है। वहीं घायल परिजनों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share: