Sambhal Accident News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चंदौसी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।
मोहम्मदपुर टांडा के पास हुआ हादसा

यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा के पास चंदौसी रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस

घटना की जानकारी मिलते ही संभल कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
एक युवक घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहित पाल पुत्र जगदीश निवासी गांव देहली, कोतवाली संभल के रूप में हुई है। उसका जिला संयुक्त चिकित्सालय में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही रोहित के परिजन अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तीनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों की पहचान कराने के लिए उनके फोटो विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
ये भी पढ़ें: पति गैरमौजूद, घर में प्रेमी… जब मासूमों ने देख ली मां की करतूत, तो मिली रूह कंपाने वाली सजा
हादसे के बाद इलाके में मचा हड़कंप
हादसे के बाद कुछ समय के लिए चंदौसी रोड पर यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
संभल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।






