Sambhal News: हरिहर मंदिर की पदयात्रा रोकने पर बिगड़े हालात, संतों ने धकेली पुलिस की बैरिकेडिंग, जमकर हुई धक्का-मुक्की

Sambhal News: संभल में हरिहर मंदिर की पदयात्रा रोकने पर संत और श्रद्धालु भड़क गए। पुलिस बैरिकेडिंग धकेलकर आगे बढ़े पदयात्रियों की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई।


November 19, 2026 • by

Sambhal News in Hindi: उत्तर प्रदेश के संभल में हरिहर मंदिर की ओर निकाली गई पदयात्रा को रोकने के दौरान गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस की ओर से रास्ते में लगाई गई बैरिकेडिंग देखकर संत और पदयात्री नाराज हो गए। देखते ही देखते पदयात्रियों ने बैरिकेडिंग को धकेलना शुरू कर दिया और पुलिस के रोकने के बावजूद आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और पदयात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

कैला देवी मंदिर से शुरू हुई पदयात्रा

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को कैला देवी मंदिर की परिक्रमा के बाद महंत ऋषिराज गिरी के नेतृत्व में हरिहर पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों के हाथों में झंडियां थीं और सुबह करीब 11:40 बजे पदयात्रा मंदिर परिसर से रवाना हुई। पदयात्रा मुख्य द्वार से होते हुए कैला देवी के मुख्य चौराहे की ओर बढ़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

sambhal police barricading controversy

पदयात्रा जैसे ही कैला देवी के मुख्य चौराहे पर पहुंची, वहां लगाई गई पुलिस बैरिकेडिंग को देखकर संत और पदयात्री नाराज हो गए। उन्होंने बैरिकेडिंग को धकेलते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पदयात्री लगातार आगे बढ़ते रहे। इस दौरान पुलिस और पदयात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

मुख्य चौराहे से करीब 400 कदम आगे थाने मोड़ पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगा रखी थी। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पदयात्रा के आगे बढ़ने पर पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद दो सीओ और एसडीएम ने महंत ऋषिराज गिरी से बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और बताया कि आगे पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं है।

ये भी पढ़ें: अमरोहा पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 21 इंस्पेक्टर दूसरे जिलों में भेजे गए; 20 नए इंस्पेक्टर संभालेंगे जिम्मेदारी

न्यायालय में विचाराधीन मामला बताकर रोकी पदयात्रा

अधिकारियों ने महंत ऋषिराज गिरी को बताया कि हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में संबंधित मार्ग पर आगे पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों की ओर से काफी देर तक समझाने के बाद महंत ऋषिराज गिरी थाने वाले मार्ग से वापस मंदिर की ओर लौट गए। इसके बाद पदयात्रा को मंदिर परिसर में ही समाप्त कर दिया गया।

मंदिर परिसर में हुआ पदयात्रा का समापन

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद महंत ऋषिराज गिरी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को हरिहर भगवान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अगले वर्ष एक बार फिर पदयात्रा निकालने की घोषणा की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की मौजूदगी बनी रही। वहीं, मुख्य चौराहे से थाने मोड़ तक पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।

ये भी पढ़ें: यूपी में आधी रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के SDM बदले, देखें पूरी लिस्ट

क्या है संभल में हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद विवाद?

संभल में हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। हिंदू पक्ष इस स्थल को हरिहर मंदिर बताता है। हिंदू पक्ष का दावा है कि मुगलकाल में मंदिर को तोड़कर यहां मस्जिद बनाई गई थी। वहीं, इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई जारी है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।

Share: