रोज 3 अंडे खाने से शरीर में क्या होता है? डॉक्टर ने बताए वजन, लिवर और मांसपेशियों से जुड़े बड़े फायदे

Health Benefits of Eggs: रोजाना 3 अंडे खाने से शरीर को कितना प्रोटीन मिलता है और क्या इससे वजन घटाने, मांसपेशियां मजबूत बनाने और लिवर की सेहत सुधारने में मदद मिलती है? जानिए डॉक्टर शुभम वात्स्य से इसके फायदे और जरूरी सावधानियां।


November 2, 2026 • by

Benefits of Eating 3 Eggs Daily: अंडा सेहत के लिए बेहद पौष्टिक खाद्य पदार्थ माना जाता है। इसमें प्रोटीन के साथ कई ऐसे जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर की मांसपेशियों, आंखों, दिमाग और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। यही वजह है कि फिटनेस और हेल्थ एक्सपर्ट भी संतुलित डाइट में अंडे को शामिल करने की सलाह देते हैं।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आप लगातार 30 दिनों तक रोजाना 3 अंडे खाते हैं तो आपके शरीर में क्या बदलाव हो सकते हैं? क्या इससे वजन कम करने, लिवर को स्वस्थ रखने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है? आइए डॉक्टर की बताई बातों के आधार पर विस्तार से समझते हैं।

खुद निदेशक एवं प्रमुख, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोबिलियरी साइंसेज, ISIC मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर शुभम वात्स्य बताते हैं कि रोजाना तीन अंडे खाने से शरीर को लगभग 18 ग्राम हाई क्वालिटी प्रोटीन मिल सकता है। उनके मुताबिक, अंडे में मौजूद पोषक तत्व मांसपेशियों की रिकवरी, फैट मेटाबॉलिज्म और लिवर की सेहत को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं।

प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है अंडा

अंडे को हाई क्वालिटी प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें शरीर के लिए जरूरी सभी नौ एसेंशियल अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जिनकी जरूरत मांसपेशियों के निर्माण और उनकी मरम्मत के लिए होती है। डॉक्टर शुभम वात्स के मुताबिक, तीन अंडों से लगभग 18 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। नियमित रूप से अंडे खाने से शरीर को प्रोटीन की जरूरत पूरी करने में मदद मिलती है। खासकर उन लोगों के लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है, जो अपनी डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं।

वजन घटाने में मिल सकती है मदद

अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं तो अंडे आपकी डाइट का अच्छा हिस्सा बन सकते हैं। इनमें मौजूद प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख लगने और अनावश्यक स्नैकिंग की आदत को नियंत्रित करना आसान हो सकता है। डॉक्टर शुभम वात्स ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से तीन अंडे खाने और अपनी जीवनशैली में जरूरी बदलाव करके तीन साल में 38 किलो वजन कम किया।

लिवर की सेहत के लिए फायदेमंद

अंडे का पीला हिस्सा यानी एग योक कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें कोलीन नाम का एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाया जाता है, जो शरीर में फैट के मेटाबॉलिज्म और लिवर से फैट के परिवहन में अहम भूमिका निभाता है। पर्याप्त कोलीन का सेवन लिवर के सामान्य कामकाज को सपोर्ट करने में मदद करता है। यही कारण है कि अंडे को लिवर के लिए पोषण देने वाले खाद्य पदार्थों में शामिल किया जाता है।

अच्छे कोलेस्ट्रॉल पर पड़ सकता है सकारात्मक असर

अंडे में मौजूद पोषक तत्वों का शरीर के कोलेस्ट्रॉल स्तर पर भी प्रभाव पड़ सकता है। कुछ लोगों में अंडे का सेवन HDL यानी अच्छे कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार से जुड़ा पाया गया है।

आंखों की सेहत के लिए भी उपयोगी है अंडा

बहुत कम लोग जानते हैं कि अंडे की जर्दी में ल्यूटिन और जेक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं। ये दोनों तत्व आंखों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ये आंखों के रेटिना में मौजूद होते हैं और उन्हें ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करते हैं। उम्र बढ़ने के साथ आंखों की सेहत बनाए रखने के लिए इन पोषक तत्वों का पर्याप्त सेवन उपयोगी हो सकता है। ऐसे में संतुलित डाइट के हिस्से के रूप में अंडे को शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

ये भी पढ़ें: सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर? जानिए ठंड का शरीर की नसों और दिल पर क्या होता है असर

मांसपेशियों की रिकवरी और मजबूती में मददगार

नियमित एक्सरसाइज या वर्कआउट करने वाले लोगों के लिए प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा बेहद जरूरी होती है। शरीर में मांसपेशियों की टूट-फूट की मरम्मत और नए मसल्स टिश्यू के निर्माण में प्रोटीन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंडे में मौजूद हाई क्वालिटी प्रोटीन मसल्स रिकवरी में मदद कर सकता है। इसके अलावा, अंडे में विटामिन बी12, विटामिन डी, सेलेनियम और अन्य पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी हैं। इसलिए फिटनेस पर ध्यान देने वाले लोग इसे अपनी रोजाना की डाइट में शामिल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: बिना दवा के फैटी लिवर होगा कम? डॉक्टर ने बताई वो एक्सरसाइज, जो लिवर की सेहत में करेगी सुधार

अपनी सेहत के अनुसार तय करें मात्रा

अंडे पौष्टिक जरूर हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को रोजाना तीन अंडे खाने चाहिए। जिन लोगों का LDL कोलेस्ट्रॉल अधिक है, जिन्हें हृदय संबंधी बीमारी है या जिन्हें डॉक्टर ने खानपान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, उन्हें अंडे की मात्रा अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से पूछकर तय करनी चाहिए। इसके अलावा, अंडे को हमेशा अच्छी तरह पकाकर खाना चाहिए, ताकि फूड इंफेक्शन का खतरा कम रहे।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता के लिए है। इसे किसी बीमारी के इलाज या डॉक्टर की सलाह का विकल्प न समझें। अगर आपको कोलेस्ट्रॉल, हृदय रोग, लिवर संबंधी समस्या या अंडे से एलर्जी है, तो नियमित रूप से अंडे खाने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन से सलाह जरूर लें।

Share: