OM Prakash Rajbhar Targets Akhilesh Yadav: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा सियासी हमला बोला है। राजभर ने प्रदेश में हुई हालिया आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को अपने कथित ‘अहीर’ और ‘जहीर’ को नियंत्रित करने की नसीहत दी। उन्होंने दावा किया कि अगर अखिलेश यादव ऐसा नहीं कर पाए तो 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 27 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
X पोस्ट के जरिए साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “अखिलेश भाई अपने ‘अहीर’ और ‘जहीर’ को कंट्रोल कीजिए महाराज। ये बहुत अति मचाये हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी ये निपटा देंगे।” राजभर ने अपने पोस्ट में हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाए।
झांसी की घटना का किया जिक्र

राजभर ने झांसी की एक घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि वहां एक सरकारी शिक्षक, जिसे उन्होंने अखिलेश यादव का ‘अहीर’ बताया, ने बनिया समाज से जुड़े एक व्यापारी का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। राजभर के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसी घटना का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।
हापुड़ मामले पर भी हमला

सुभासपा अध्यक्ष ने हापुड़ की घटना को लेकर भी अखिलेश यादव पर राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अखिलेश यादव का ‘जहीर’ गोकशी के मामले में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ। राजभर ने इन घटनाओं को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर सवाल खड़े किए।
नीली ड्रेस पर भी कसा तंज
ओम प्रकाश राजभर ने कथित तौर पर राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की यूनिफॉर्म की कॉपी कर अपराधियों को नीली ड्रेस पहनाने को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोगों को यूनिफॉर्म पहनाई गई है तो उन्हें उसी तरह का अनुशासन भी सिखाया जाना चाहिए। राजभर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि ऐसा अनुशासन नहीं सिखा सकते तो कम से कम एसी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के दौरान उन्हें अपराध न करने की कसम तो खिलाई जा सकती है।
ये भी पढ़ें: ‘BJP’ का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’: CM योगी के PDA वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
राजभर ने अपने बयान के आखिर में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव अपने ‘अहीर और जहीर’ को नियंत्रित नहीं करते हैं तो यही लोग समाजवादी पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनाव में 27 सीटें भी नहीं जीतने देंगे। राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट का समापन “जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव” के नारों के साथ किया।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।












